बर्फ पिघलने के बाद बढ़ रही रौनक, प्राकृतिक नजारों का लुत्फ उठा रहे पर्यटक
कार्यालय संवाददाता-पतलीकूहल
कुल्लू घाटी के पहाड़ इन दिनों प्रकृति के अनूठे रंगों में रंगे नजर आ रहे हैं। कुछ दिन पहले ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं पर बिछी बर्फ की सफेद चुनरी अब धूप की तपिश के साथ धीरे-धीरे सरक गई है। बर्फ की चादर हटने के बाद पहाड़ों का लाल सुर्ख और भूरा रंग दूर से ही अपनी अलग छटा बिखेर रहा है। नीले आसमान के नीचे धूप में चमकती पर्वत श्रृंखला, नजारा पेश कर रही हैं, मानो प्रकृति ने घाटी को नए रंगों से सजा दिया हो। इन दिनों मौसम का मिजाज भी काफी सुहावना बना हुआ है। सुबह और शाम ठंड का एहसास हो रहा हैए जबकि दिन में खिल रही तेज धूप लोगों और पर्यटकों को राहत दे रही है। साफ मौसम के चलते घाटी के पहाड़ों का नजारा दूर-दूर तक दिखाई दे रहा है।
हालांकि ऊंचाई वाले इलाकों में पहले हुई बर्फबारी के बाद अब धूप निकलने से बर्फ तेजी से पिघल रही है। मौसम के इस बदले स्वरूप का पर्यटक भी भरपूर आनंद उठा रहे हैं। मनाली पहुंचने वाले सैलानियों के कदम लाहुल घाटी के सिस्सू और ग्रांफू की ओर बढ़ रहे हैं। वहीं रोहतांग दर्रे की ओर जाने वाले पर्यटक भी पहाड़ों के बदलते रंग और प्राकृतिक नजारों को अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं। सडक़ मार्गों पर पर्यटक वाहनों और निजी गाडिय़ों की आवाजाही से पर्यटन गतिविधियों में रौनक बनी हुई है। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के अनुसार साफ मौसम और दिन में खिल रही धूप पर्यटकों के लिए अनुकूल माहौल बना रही है। बर्फ से ढकी चोटियों को देखने की चाह में आने वाले सैलानियों को अब पहाड़ों का एक अलग ही रूप देखने को मिल रहा है।