मौसम बदलते ही पहाड़ों की ओर पर्यटकों का रुख

रोहतांग में बर्फबारी के बाद पर्यटन सीजन ने पकड़ी रफ्तार, कारोबारियों के चेहरे पर भी लौटी रौनक
जिला संवाददाता-कुल्लू
पर्यटन नगरी मनाली में सर्दियों के पर्यटन सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है। रोहतांग दर्रे सहित ऊंची पहाडिय़ों पर हुई ताजा बर्फबारी ने देशभर के पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित किया है। बीते शुक्रवार को रोहतांग दर्रे में चार से पांच इंच तक ताजा हिमपात हुआ, जबकि मढ़ी में भी करीब एक इंच बर्फ गिरी। बर्फ की सफेद चादर से ढकी पहाडिय़ों का खूबसूरत नजारा पर्यटकों को मनाली की ओर खींच रहा है। बर्फबारी के बाद मनाली पहुंचने वाले सैलानियों में ऊंचाई वाले पर्यटन स्थलों को देखने का उत्साह बढ़ा है। पर्यटक सोलंगनाला, अटल टनल, गुलाबा, कोकसर और सिस्सू की ओर रुख कर रहे हैं। बर्फ से ढकी चोटियों के बीच पर्यटक तस्वीरें खींचकर यादगार पलों को कैमरे में कैद कर रहे हैं।

इससे पर्यटन कारोबारियों, होटल संचालकों और टैक्सी ऑपरेटरों को भी कारोबार में तेजी आने की उम्मीद जगी है। पर्यटन विकास परिषद मनाली के आधिकारिक परमिट पोर्टल के अनुसार 13 नवंबर को रोहतांग दर्रे के लिए कुल 795 वाहनों के परमिट जारी किए गए। इनमें 400 डीजल और 395 पेट्रोल वाहन शामिल रहे। हालांकि परमिट जारी होने का यह आंकड़ा वास्तविक आवाजाही या पर्यटकों की कुल संख्या नहीं दर्शाता। वहीं, बीते शुक्रवार को ताजा हिमपात और सडक़ पर फिसलन बढऩे के खतरे को देखते हुए रोहतांग दर्रे की ओर वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। प्रशासन ने पर्यटकों को मौसम और सडक़ की स्थिति को ध्यान में रखकर ही यात्रा करने की सलाह दी है। वहीं, शनिवार को काफी संख्या में पर्यटक रोहतांग की वादियों में पहुंचे। रोहतांग सहित कोसकर, ग्रांफु में पर्यटक पहुंचे।