मालरोड, पुराने बस अड्डे और लोअर बाजार में वाहनों की आवा जाही बढऩे से बिगड़ी यातायात व्यवस्था
निजी संवाददाता-सोलन
धनतेरस और दीपावली के त्योहार को लेकर सोलन के बाजारों में बढ़ रही रौनक के बीच यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होने लगी है। शहर के प्रमुख बाजारों और संपर्क मार्गों पर दिनभर वाहनों की आवाजाही अधिक रहने से जाम की स्थिति बन रही है। खासकर मालरोड, पुराने बस अड्डे, अपर बाजार और लोअर बाजार की ओर जाने वाले मार्गों पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। त्योहारी खरीदारी के लिए बाजार पहुंच रहे लोगों की भीड़ के कारण सडक़ों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। शहर में पहले से ही सीमित सडक़ सुविधा होने के कारण वाहनों की संख्या बढ़ते ही यातायात प्रभावित होने लगता है। बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले कई लोग अपने वाहन सडक़ किनारे खड़े कर देते हैं, जिससे सडक़ की चौड़ाई कम हो जाती है। इसके चलते अन्य वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है और देखते ही देखते जाम लग जाता है। जाम का असर केवल वाहन चालकों पर ही नहीं, बल्कि पैदल चलने वाले लोगों पर भी पड़ रहा है। बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले परिवारों, बुजुर्गों और बच्चों को भीड़भाड़ वाले रास्तों से गुजरने में परेशानी होती है। वहीं, दुकानों के बाहर सामान और वाहनों की आवाजाही के कारण कई जगह पैदल चलने के लिए पर्याप्त जगह भी
नहीं बचती।
यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग
सोलन। शहर के बाजारों में बढ़ते जाम से परेशान लोगों ने पुलिस और प्रशासन से यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि त्योहारी सीजन में बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बढऩे के साथ वाहनों का दबाव भी बढ़ गया है। ऐसे में प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की तैनाती की जानी चाहिए।सडक़ किनारे बेतरतीब पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि आम लोगों और पैदल चलने वालों को परेशानी न उठानी पड़े। लोगों ने त्योहारों के दौरान विशेष यातायात योजना लागू करने का आग्रह किया है।