स्पीड गवर्नर की मोहलत-वाहनों की पासिंग तिथि जल्द तय करवाने का दिया आश्वासन
निजी संवाददाता-दाड़लाघाट
दाड़लाघाट के ट्रक ऑपरेटरों ने परिवहन से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर अर्की के विधायक संजय अवस्थी से मुलाकात कर अपनी समस्याएं रखीं। इस दौरान ऑपरेटरों ने स्पीड गवर्नर लगाने संबंधी नए निर्देशों से वाहन मालिकों को हो रही व्यावहारिक दिक्कतों और आर्थिक नुकसान के बारे में ज्ञापन सौंपा। विधायक संजय अवस्थी ने ट्रक ऑपरेटरों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि स्पीड गवर्नर लगवाने के लिए वाहन मालिकों को उचित मोहलत दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इसके साथ ही वाहनों की नई पासिंग तिथि भी जल्द निर्धारित करवाने के लिए संबंधित स्तर पर प्रयास किए जाएंगे। ट्रक ऑपरेटरों ने इसके लिए विधायक का आभार जताया। ऑपरेटरों ने दाड़लाघाट उपतहसील में नायब तहसीलदार का रिक्त पद भरवाने के लिए भी विधायक का विशेष धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पद पर नियुक्ति होने से क्षेत्रवासियों को आय प्रमाण पत्र, बोनाफाइड हिमाचली प्रमाण पत्र, चरित्र प्रमाण पत्र सहित अन्य राजस्व संबंधी कार्यों में सुविधा मिल रही है। इस मौके पर वेद प्रकाश शुक्ला, रामकृष्ण, अरुण शुक्ला, जय सिंह, जगदीश सहित अन्य ट्रक ऑपरेटर मौजूद रहे।