चेरी के पेड़ के नीचे महिला, कमरे में गद्दे पर मिला व्यक्ति का शव
जिला संवाददाता-कुल्लू
पर्यटन नगरी मनाली के अलेऊ गांव में एक महिला और पुरुष के शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एक ही घर के परिसर में दो लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला का शव घर के पीछे गौशाला से आगे चेरी के पेड़ के नीचे पड़ा मिला, जबकि 46 वर्षीय व्यक्ति घर के कमरे में गद्दे पर मृत अवस्था में पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों शवों को कब्जे में लिया। फिलहाल दोनों की मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं।
पेड़ के साथ बांधी रस्सी देख सहमे लोग
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्र से दूरभाष पर थाना मनाली को सूचना दी कि अलेऊ में एक महिला ने फांसी लगा ली है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। वहां महिला निवासी अलेऊ का शव घर के पीछे गौशाला से आगे चेरी के पेड़ के नीचे पड़ा था। पेड़ से एक रस्सी भी बंधी हुई थी और महिला के गले पर फंदे के निशान पाए गए। मौके पर जांच के दौरान पुलिस को घर के एक कमरे में दूसरे व्यक्ति का शव होने की जानकारी मिली। कमरे में पहुंचने पर वेदराम निवासी ओल्ड मनाली का शव जमीन पर बिछे गद्दे पर मिला। उसके शरीर पर बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। परिजनों के अनुसार परिवार के सभी सदस्य एक सगाई समारोह में शामिल होने कटराईं गए हुए थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
परिजनों ने फिलहाल किसी पर भी शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस ने घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी करवाने के बाद दोनों शवों को सिविल अस्पताल मनाली पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। । मामले की पुष्टि एसपी कुल्लू अभिषेक एस ने की है।