पिंडी दास आश्रम खड्ड में खनन बेलगाम, सोमभद्रा के बाद अब सहायक खड्डों पर नजर

चालान भी बेअसर, अगले ही दिन फिर शुरू हुआ खनन; पुलिस थाने के सामने से सरेआम निकल रहे खनन सामग्री से लदे वाहन, विभागों की चुप्पी पर सवाल
स्टाफ रिपोर्टर-अंब
सोमभद्रा नदी का चीरहरण करने के बाद अब खनन माफिया ने इसकी सहायक खड्डों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि खनन माफिया के हौसलों के आगे खनन विभाग और पुलिस की कार्रवाई भी बेअसर साबित होती नजर आ रही है। इसका ताजा उदाहरण पिंडी दास आश्रम खड्ड के समीप देखने को मिला है, जहां धड़ल्ले से अवैध खनन किया जा रहा है। खनन विभाग ने अवैध खनन में संलिप्त वाहनों के चालान तो किए, लेकिन इसका माफिया पर कोई असर नहीं हुआ। विभाग की कार्रवाई के अगले ही दिन बुधवार सुबह फिर से एक्सकैवेटर खड्ड में उतर आए और अवैध खनन का खेल शुरू हो गया। विडंबना देखिए कि जिस खनन विभाग के पास खड्डों में खनन के लिए न तो कोई माइनिंग लीज है और न ही खनन की अनुमति देने का प्रावधान है, उसी विभाग की नाक के नीचे प्राकृतिक संपदा को सरेआम लूटा जा रहा है। आखिर वह कौन सी ताकत है, जिसके दम पर खनन माफिया बेखौफ होकर खड्ड का सीना छलनी कर रहा है? हैरानी तो यह भी है कि खनन सामग्री से लदे वाहन पुलिस थाने के सामने से होकर सरेआम गुजर रहे हैं, लेकिन इस पर प्रभावी रोक लगाने वाला कोई नजर नहीं आ रहा। दरअसल, पिंडी दास आश्रम खड्ड के समीप अवैध खनन की सूचना मिलने पर खनन विभाग ने कार्रवाई करते हुए खनन में इस्तेमाल हो रहे वाहनों के चालान किए थे। उम्मीद थी कि इस कार्रवाई के बाद खनन माफिया के हौसले पस्त होंगे और खड्ड में अवैध खनन पर विराम लगेगा, लेकिन हुआ इसके बिल्कुल उलट।

बुधवार सुबह फिर एक्सकैवेटर खड्ड में पहुंच गए। इससे विभागीय कार्रवाई की प्रभावशीलता पर ही सवाल खड़े होने लगे हैं। एक तरफ सरकारी विभाग प्राकृतिक संपदा के संरक्षण के दावे करते हैं तो दूसरी तरफ उनकी आंखों के सामने खनन सामग्री की खुलेआम चोरी होना व्यवस्था की पोल खोल रहा है। स्थानीय लोगों को सबसे ज्यादा चिंता आने वाली बरसात को लेकर है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस अवैध खनन पर रोक नहीं लगाई गई तो खड्ड के प्राकृतिक स्वरूप से छेड़छाड़ आने वाले मानसून में भारी तबाही का कारण बन सकती है। अंधाधुंध खुदाई से खड्ड का प्राकृतिक बहाव प्रभावित होने के साथ आसपास के क्षेत्रों को भी खतरा पैदा हो सकता है। इससे वन संपदा को नुकसान पहुंचने की आशंका भी बनी हुई है। लोगों का कहना है कि सोमभद्रा नदी के बाद अब उसकी सहायक खड्डों में भी अवैध खनन का सिलसिला शुरू होना जिला ऊना के लिए गंभीर खतरे की घंटी है। यदि इस पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आने वाले समय में इसके दुष्परिणाम पूरे क्षेत्र को भुगतने पड़ सकते हैं। ऐसे में अंकुश लगना चाहिए। ताकि इसको रोका जाए, वरना यह चिंता वाली बात है।

डीसी बोले, दिए जाएंगे सख्त निर्देश
वहीं, उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि इस संबंध में संबंधित विभाग को उचित दिशा निर्देश दिए जाएंगे। पिंडी दास आश्रम खड्ड में दोबारा अवैध खनन शुरू होने के मामले में जिला खनन अधिकारी से उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने फोन उठाना तक उचित नहीं समझा।