दिव्य हिमाचल ब्यूरो- ज्वालामुखी
ज्वालामुखी की भाटी बोहन पंचायत में 26 वर्षीय विवाहिता निकिता की मौत के बाद गुरुवार को अंतिम संस्कार के दौरान अष्टभुजा श्मशानघाट में हंगामा हो गया। शव का अंतिम संस्कार करने के लिए पहुंचने पर मायके पक्ष की महिलाओं और ग्रामीणों ने विरोध जताया। उनका आरोप था कि उन्हें बेटी के अंतिम दर्शन तक नहीं करने दिए और सीधे श्मशानघाट में अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया, जिससे उनमें भारी नाराजगी देखी जा रही थी। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और पत्थरबाजी भी हुई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संदीप पटियाल पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार करवाया गया। गौरतलब है कि निकिता की मौत के बाद मायके पक्ष ने ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाए हैंए जबकि ससुराल पक्ष का कहना है कि वह बीमारी से ग्रस्त थी और उसका उपचार चल रहा था। निकिता अपने पीछे एक साल और तीन माह की दो बेटियां छोड़ गई है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।