सराहां के पास नाहन-कुमारहट्टी एनएच-907ए पर पेश आया हादसा, कई लोग गंभीर घायल
निजी संवाददाता-सराहां
दिवाली मनाने के लिए घर लौट रहे दाड़लाघाट के नवगांव क्षेत्र के लोगों की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब उनकी बोलेरो कैंपर सराहां के पास भीषण हादसे का शिकार हो गई। नाहन-कुमारहट्टी राष्ट्रीय राजमार्ग-907ए पर कमरऊ से पहले सराहां के समीप चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे बोलेरो कैंपर सडक़ से नीचे पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार बोलेरो कैंपर (एचपी 14ए-6613) में सवार होकर लोग दिवाली मनाने के लिए अपने घर जा रहे थे। सराहां के पास पहुंचते ही वाहन अनियंत्रित होकर सडक़ से नीचे जा गिरा और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
मृतक और घायलों की आधिकारिक पहचान की पुष्टि नहीं हो पाई थी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पच्छाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार या ओवरलोडिंग को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही होगा। हादसे की सूचना मिलने पर एसडीएम पच्छाद डा. प्रियंका चंद्रा ने घटनास्थल का दौरा किया और मृतक व घायलों को फौरी राहत राशि प्रदान की। दिवाली के त्योहार पर हुए इस दर्दनाक हादसे से नवगांव और दाड़लाघाट क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने वाहन चालकों से पहाड़ी सडक़ों पर सावधानी बरतने, ओवरलोडिंग से बचने और गति नियंत्रित रखने की अपील की है।