नाहन बाजार में गडिय़ों की आवाजाही बनी परेशानी

सुबह नौ से रात आठ बजे तक वाहन प्रतिबंध के आदेशों की उड़ रही धज्जियां
कार्यालय संवसददाता – नाहन
वर्ष के सबसे बड़े त्योहार दीपावली के लिए जिला के बाजार सज गए हैं। जिला मुख्यालय नाहन के रियासतकालीन गलीनुमा बाजार में दुकानदारों ने दीपावली के लिए दुकानों को विभिन्न उत्पादों से आकर्षक रूप से डिस्प्ले किया है। वहीं ग्राहक भी दीपावली की खरीददारी को अब शुरू कर चुके हैं। मगर इस बीच तंगहाल बाजार में भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में दोपहिया वाहनों की आवाजाही रूक नहीं रही है। शहर के दिल्ली गेट, गुन्नूघाट, महलात घाटी, कच्चा टैंक इत्यादि बाजार के प्रवेश द्वार से दोपहिया वाहन दिन भर आवाजाही कर रहे हैं, जिससे पैदल निकलने वालों की भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मगर हालत यह है कि त्योहारी भीड़भाड़ वाले समय में भी प्रतिबंधित समय में यह सिलसिला रूक नहीं रहा है।

ग्राहक मोहन सिंह, हेमंत, रणबीर सिंह, वरिष्ठ नागरिक योगेश्वर गौतम इत्यादि ने बताया कि प्रशासन ने बाकायदा प्रात: नौ बजे के बाद और सायं आठ बजे तक नाहन बाजार में दोपहिया वाहनों की आवाजाही को पैदल निकलने वालों की सुगमता के लिए प्रतिबंधित किया था, मगर अब तो त्योहारी सीजन में भी दोपहिया वाहन बाजार में दौड़ाने से रूक नहीं रहे हैं, जिससे ग्राहकों को चोटिल होने का खतरा बढ़ गया है। लोगों ने मांग की है कि कम से कम त्योहारी सीजन में नाहन बाजार में वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए, ताकि ग्राहक बाजार में बेखौफ होकर खरीददारी कर सकें। यह दुकानदारों के लिए भी सुगमता होगी, मगर हैरत की बात है कि दुकानदार भी प्रतिबंधित समय में दौड़ रहे वाहनों पर चुप्पी साधे हुए हैं।