मंदी की मार झेल रहे दुकानदारों के चेहरे खिले, दिनभर रही रौनक, त्योहार के दिन ग्राहकों ने मिलने वाली छूट का भी उठाया फायदा
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
दिवाली फेस्टिवल से पहले मनाए जाने वाले धनतेरस पर्व पर लोगों ने जिला ऊना में शुक्रवार को करोड़ों रुपयों की खरीदारी की। सभी बाजारों में सुबह से लेकर शाम तक काफी चहल-पहल देखी गई। लंबे समय से मंदी की मार झेल रहे दुकानदारों के चेहरे खिल उठे। लोगों ने अपने दोस्तों व सगे संबंधियों के लिए गिफ्ट्स की जमकर खरीददारी की। इसके अलावा विभिन्न वस्तुओं पर मिल रही विशेष छूट का भी खूब लाभ उठाया। बाईक्स, टीवी, फ्रिज, कूलर, वॉशिंग मशीन, मोबाईल फोन्स, बेड, सोफा सेट सहित अन्य सामान की खूब खरीददारी हुई। इसके अलावा लोगों ने दिवाली के लिए पटाखे व मिठाईयां भी खरीदी। मिठाईयों की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। दिवाली से कुछ दिन पहले ही ऊना के बाजार दुल्हन की तरह सजे रहे। मिष्ठान, गिफ्ट्स शॉप्स, इलैक्ट्रोनिक्स, बाईक शौरुम सहित अन्य दुकानों पर ग्राहकों को विशेष ऑफर भी दिए जा रहे है। वहीं अपने-अपने प्रोडेक्टस के साथ विशेष उपहार भी ग्राहकों को दिए गए। इसके अलावा सरकारी व निजी कार्यालयों में भी पूरा दिन गिफ्ट्स के आदान-प्रदान का सिलसिला चला रहा। लोग अपने फ्रैंडस सहित सगे-संबंधियों के घर जाकर दिवाली पर्व की बधाईयां व गिफ्ट्स देने भी पहुंचे। शीतला मंदिर के पंडित जयदेव तिवारी ने कहा कि धनतेरस के अवसर पर बर्तन की खरीद को शुभ माना
जाता है।
एमएच होंडा शोरूम, बजाज ऑटो में लगा जमावड़ा
एमएच होंडा शोरूम, बजाज ऑटो, आरडीएस मोबाइल, शालीमार एंटरप्राइजिज, सोनी ज्वेलर्स, कोहली ज्वैलर्ज, बिशन दास ज्वैलर्ज, होम वेस्ड फर्नीचर, बॉलीबुड शूज, कथूरिया इलेक्ट्रानिक्स, टीवीएस रायजादा मोर्टर्स, विजय हैंडलूम शोरूम, कलगीधर फर्नीचर हाउस, पूरी फर्नीचर हाउस के अलावा अन्य दुकानों में उपभोक्ताओं की काफी भीड़ थी।
ऊना में सोने-चांदी की खूब हुई बिक्री
धनतेरस पर्व पर ऊना के बाजार गुलजार नजर आए। लोगों ने जमकर सोना व चांदी की खरीददारी की। धनतेरस पर्व पर सोना व चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। इसके अलावा लोगों ने चांदी के बर्तन सहित अन्य बर्तनों की भी खरीददारी की।
बरतनों की दुकानों पर खूब उमड़ी भीड़
‘धनतेरस’ के शुभ अवसर पर जिला मुख्यालय पर स्थित बर्तनो की दुकानों में लोगों ने जमकर खरीदारी की। वहीं, मैहतपुर, बंगाणा, अंब, चिंतपूर्णी, दौलतपुर, गगरेट, संतोषगढ़, हरोली, लठियाणी व मुबारिकपुर के अलावा अन्य कस्बों में भी धनतेरस के अवसर पर बाजारों में रौनक लगी रही। धनतेरस के उपलक्ष्य में लोगों ने बर्तनों की दुकानों में बरतन आदि की खरीदारी शुरू कर दी थी। आधुनिक ब्राडेंड बर्तनों के अलावा अल्यूमिनियम, स्टील व पीतल के बर्तनों की भारी बिक्री दर्ज की गई।