ननांवी नरुह वाया ब्रेह सडक़ का काम जल्द

मलांगड़ पंचायत के लोगों को कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने दिया आश्वासन

स्टाफ रिपोर्टर-बंगाणा
कुटलैहड़ क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पंचायत मलांगड़ में सडक़ सुविधा से वंचित लोगों की वर्षों पुरानी मांग अब जल्द पूरी होने की उम्मीद जगी है। ननांवी नरुह वाया ब्रेह सडक़ के निर्माण कार्य को शुरू करवाने को लेकर पंचायत प्रधान रेखा देवी, उपप्रधान संजय शर्मा सहित पंचायत के अन्य वार्ड सदस्यों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सडक़ निर्माण से संबंधित मांग को प्रमुखता से उठाते हुए जल्द कार्य शुरू करवाने का आग्रह किया। विधायक विवेक शर्मा ने पंचायत प्रतिनिधियों की मांग को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि ननांवी नरुह वाया ब्रेह सडक़ के निर्माण कार्य को जल्द शुरू करवाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और जिन क्षेत्रों में आज भी लोग सडक़ सुविधा के लिए संघर्ष कर रहे हैं, वहां सडक़ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि इस सडक़ का निर्माण होने से क्षेत्र के करीब 100 परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। सडक़ बनने से लोगों को अपने घरों तक पहुंचने के लिए बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। किसानों, छात्रों और अन्य ग्रामीणों को भी बड़ी राहत मिलेगी।