टफ ड्यूटी देते हैं, हमारी भी सुनो

आईटीआई प्रशिक्षित पंप ऑपरेटर महासंघ तपोवन में जल शक्ति विभाग के प्रमुख अभियंता से मिला
दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
जल शक्ति विभाग में कार्यरत आईटीआई प्रशिक्षित पंप ऑपरेटर राज्य महासंघ का एक प्रतिनिधि मंडल महासंघ की चिर लंबित मांगों को लेकर राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगदीप डोगरा की अध्यक्षता में तपोवन परिसर में जल शक्ति विभाग के प्रमुख अभियंता अंजू शर्मा से मिला। राज्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष जगदीप डोगरा ने कहा कि हम आईटीआई से इलेक्ट्रीशियन व अन्य व्यवसाय में दो साल का डिप्लोमा प्राप्त करके जल शक्ति विभाग में पंप ऑपरेटर के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं जिससे विभाग में कार्यरत करोड़ो की मशीनरी का रखरखाव व संचालन सही तरीके से हो रहा है, और सभी पंप ऑपरेटर पेयजल बहाली को अपनी नैतिक जिम्मेदारी भी समझते हुए पानी की आपूर्ति को सुव्यवस्थित किये हुए है।

उन्होंने कहा कि कभी-कभी रात को अगर फ्यूज उड़ जाए तो ट्रांसफार्मर के खम्बो पर खुद ही चढक़र उस फ्यूज को डालतें है, ताकि सुबह पानी की आपूर्ति बाधित न हो, और भी मशीनरी को सही रखने के लिए कई तरह के काम होते हैं जो कि उसी टाइम करने पड़ते हैं।इसके बावजूद एक पंप ऑपरेटर 25-30 साल सेवाएं देने के बाद भी एक ही पद से सेवानिवृत हो रहा है जोकि चिंताजनक ही नहीं बल्कि उसके साथ अन्यायपूर्ण भी है। प्रमुख अभियंता को यह भी बताया कि हमारे वर्ग में अक्टूबर 2012 से वेतन विसंगति भी चली हुई है। इस सबके बाबजूद पंप ऑपरेटर वर्ग में 20:30:50 के अनुपात में जो ग्रेडिंग सिस्टम था, व 3 जनवरी 2022 से बंद कर दिया गया है।