पर्यावरण संरक्षण में अव्वल रहने पर एम्स बिलासपुर सम्मानित
शिमला में चमका बिलासपुर एम्स, मुख्यमंत्री सुक्खू ने दिया हिमाचल पर्यावरण उत्कृष्टता पुरस्कार
दिव्य हिमाचल ब्यूरो – बिलासपुर
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर को पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन और उल्लेखनीय योगदान के लिए हिमाचल प्रदेश पर्यावरण उत्कृष्टता पुरस्कार 2025-26 से सम्मानित किया गया है। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया। संस्थान की ओर से कुलसचिव डा. राकेश कुमार सिंह तथा अधीक्षण अभियंता आशीष पटियाल ने पुरस्कार, प्रशस्ति-पत्र और सम्मान राशि ग्रहण किया। यह सम्मान एम्स बिलासपुर द्वारा हरित परिसर विकास, ऊर्जा संरक्षण, जल प्रबंधन, वैज्ञानिक अपशिष्ट निस्तारण, स्वच्छता संवर्धन तथा पर्यावरण-अनुकूल अधोसंरचना के विकास के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों की सराहना स्वरूप प्रदान किया गया है।
संस्थान ने थपथपाई पीठ
संस्थान की इन पहलों ने न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी एक आदर्श मॉडल प्रस्तुत किया है। इस उपलब्धि पर संस्थान प्रशासन ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और सहयोगी इकाइयों को बधाई देते हुए कहा कि भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत किया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
