शहीद कैप्टन अमोल कालिया को बलिदान दिवस पर नमन

By: Jun 10th, 2026 12:02 am

शिवालिक एवेन्यू पार्क में वीर सपूत को माता-पिता, परिजनों और ंअन्य लोगों ने सर्वोच्च बलिदान के लिए किया याद

दिव्य हिमाचल ब्यूरो-ऊना
देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूत शहीद कैप्टन अमोल कालिया के 27वें बलिदान दिवस के अवसर पर शिवालिक एवेन्यू पार्क में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर शहीद कैप्टन अमोल कालिया को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके अदम्य साहस, शौर्य और देशभक्ति को नमन किया। समारोह में शहीद कैप्टन अमोल कालिया के पिता सतपाल कालिया, माता ऊषा कालिया तथा अन्य परिजनों ने शहीद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीद की स्मृति को नमन किया और उनके बलिदान को सदैव याद रखने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कैप्टन अमोल कालिया ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देकर वीरता और राष्ट्रभक्ति की अमिट मिसाल कायम की है। उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। वक्ताओं ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को देश के वीर शहीदों के संघर्ष, त्याग और बलिदान की जानकारी होना अत्यंत आवश्यक है। वक्ताओं ने कहा कि शहीद कभी मरते नहीं हैं, बल्कि अपने महान कार्यों और बलिदान के कारण सदैव लोगों के दिलों में जीवित रहते हैं।इस अवसर पर इंजीनियर श्री सूद, कैप्टन विनोद (सेवानिवृत्त), सूबेदार मेजर राणा (सेवानिवृत्त), वरिष्ठ नागरिक सभा के अध्यक्ष देव धामी, डॉ. दीपक कालिया, अध्यापिका मदान, दीपक नंदा तथा कैप्टन सरदारी लाल उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App or iOS App