नाहन पहुंचा ई-हाउस, शहर को मिलेगी निर्बाध विद्युत आपूर्ति
वल्र्ड बैंक की योजना के तहत नाहन सहित पांच शहरों में 24 घंटे बिजली के लिए 274 करोड़ की योजना उतारी धरात्तल पर
कार्यालय संवाददाता-नाहन
प्रदेश के दो जिलों के छह स्थानों पर अब विद्युत उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली की आपूर्ति मिलेगी। प्रदेश के जिला मुख्यालय नाहन के अलावा पांवटा साहिब, बद्दी, नालागढ़, परवाणू और सोलन में वल्र्ड बैंक योजना के तहत स्वास्तिक इंफ्रा लिमिटेड के तहत 274 करोड़ की महत्त्वकांक्षी योजना को अमलीजामा पहनाया जा रहा है, जिसके तहत मौजूदा विद्युत आपूर्ति क्षमता को बढ़ाया जा रहा है, जबकि पूर्व की स्थापित एचटी लाइनों को भी अपग्रेड किया जा रहा है। नााहन में वल्र्ड बैंक की योजना के तहत अब शहरवासियों को 24 घंटे और सातों दिन निर्बाध बिजली मिलनी आगामी दो माह के बाद शुरू हो जाएगी। जिसके लिए नाहन में बीडीओ कार्यालय में ई-हाउस पहुंच गया है। हिमाचल में ई-हाउस सिस्टम का पहली बार मर्तबा प्रयोग हो रहा है। वहीं लगभग दो करोड़ की लागत का चलता फिरता ई-हाउस को बीडीओ कार्यालय नाहन में स्थापित किया गया है। ई-हाउस जानकारी के अनुसार ऐसा कंटेनर है, जिसमें किसी बिजली घर की तरह जीआईएस पैनल इंस्टॉल किए गए हैं।
ई-हाउस में 33 जीआईएस के चार और 11 केवी एआईएस के सात पैनल लगाए गए हैं, जिससे कालाअंब के अंधेरी और शक्तिनगर नाहन सब-स्टेशन लाइन से कनेक्ट किया जाएगा जिसका कार्य प्रगति पर है। वहीं वल्र्ड बैंक योजना के तहत नाहन शहर की बात करें तो 400 गुणा एक, 630 गुणा दो, 250 गुणा 12 केवीए के नए डीआर स्थापित किए जाएंगे। उधर अधीक्षण अभियंता विद्युत बोर्ड सिरमौर वीरेंद्र शर्मा व स्वास्तिक इंफ्रा लिमिटेड के प्रबंधक हिमांशु पोरवाल ने बताया कि वल्र्ड बैंक की महत्त्वकांक्षी योजना को जिला मुख्यालय नाहन सहित पांच शहरों में निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए इंस्टॉल किया जा रहा है, जिसके तहत नाहन में ई-हाउस पहुंच चुका है, जिसे बीडीओ कार्यालय में इंस्टॉल किया गया है। उन्होंने बताया कि नाहन शहर को निर्बाध बिजली के लिए लगभग 27 किलोमीटर की 33 केवी और 11 केवी को ई-हाउस तक पहुंचाने का कार्य जुलाई के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App or iOS App
