अभी नहीं बारिश से राहत, फिर बरसेंगे बादल

दो-तीन फरवरी को मध्य-उच्च पर्वतीय इलाकों में बारिश बर्फबारी के आसार बरकरार

शिमला — हिमाचल प्रदेश में कड़ाके की ठंड जनता का जल्द पीछा नहीं छोड़ेगी। मौसम विभाग की मानें तो प्रदेश में फरवरी माह के पहले सप्ताह के दौरान भी मौसम कड़े तेवर दिखाएगा। विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के तहत रविवार को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। 30 जनवरी को प्रदेश में मौसम खराब बना रहेगा। 31 जनवरी व पहली फरवरी को मौसम शुष्क रहेगा, जबकि दो और तीन फरवरी को मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक दो स्थानों पर बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर बर्फबारी व मैदानों में बारिश रिकार्ड की गई है। कल्पा में 6.0 और रोहड़ू के खदराड़ा में 4.0 सेंटीमीटर हिमपात दर्ज किया गया है। प्रदेश के डलहौजी में 15.0, जोगिंद्रनगर में 6.0, धर्मपुर में 3.0 और कसौली में 2.0 मिलीमीटर बारिश हुई, जबकि शनिवार को प्रदेश भर में मौसम शुष्क बना रहा। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिले रहने की सूचना है, जिससे अधिकतम तापमान में उछाल आया है। अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि 30 जनवरी को प्रदेश भर में मौसम खराब बना रहेगा, वहीं दो-तीन फरवरी को भी राज्य के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी होगी। मैदानी इलाकों में 31 जनवरी से तीन फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा।

शनिवार का तापमान

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    13.6       2.6

सुंदरनगर  19.2       7.1

भुंतर       18.0       5.0

कल्पा     3.0        -1.0

धर्मशाला   13.2       6.8

ऊना       23.4       10.8

नाहन      15.1       6.2

सोलन     18.5       7.0

राजधानी जैम-पैक

शिमला — वीकेंड पर राजधानी शिमला सैलानियों से गुलजार रही। शिमला के साथ-साथ कुफरी, नालदेहरा, नारकंडा में भी भारी संख्या में सैलानियों के पहुंचने की सूचना है।  वीकेंड पर सैलानियों की आमद बढ़ने से पर्यटक कारोबारियों के चेहरे फिर से खिल उठे हैं।