सिहुंता — उपमंडल की चूहन व मोरनू पंचायत में चौहान बंधुओं की ओर से आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में कुल 173 मरीजों की आंखों की जांच की गईं। शिविर के दौरान पीजीआई के नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. चमन सिंह चौहान ने मरीजों की आंखों की जांच कर आवश्यक चिकित्सीय परामर्श दिया। इस दौरान मरीजों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध करवाने के नजर के चश्मे भी वितरित किए गए। समाजसेवी गु्रप कैप्टन भूपेंद्र सिंह चौहान ने चूहन पंचायत के महिला मंडल भवन में आयोजित शिविर के दौरान 66 मरीजों की आंखें जांची गईं। इसमें 33 मरीजों को निःशुल्क दवाइयां व नजर के चश्मे उपलब्ध करवाने के अलावा 16 मरीजों को डलहौजी रैफर किया गया। उन्होंने बताया कि दोपहर बाद मोरनू पंचायत के प्राइमरी स्कूल परिसर में शिविर का आयोजन किया गया। मोरनू में कुल 107 मरीजों की आंखों की जांच की गई। शिविर में 45 मरीजों को निःशुल्क दवाइयां व नजर के चश्मे मौके पर प्रदान किए गए। उन्होंने बताया कि मोरनू में 26 मरीजों को आपरेशन के लिए डलहौजी रैफर किया गया। भूपेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि उपमंडल की विभिन्न पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से निःशुल्क शिविरों के माध्यम से लोगों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कवाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में उपमंडल की अन्य पंचायतों में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे।