तिरंगे का सम्मान करें

( मनीषा चंद राणा (ई-मेल के मार्फत) )

ई- कॉमर्स साइटों पर तिरंगे वाले चप्पल, टी-शर्ट, प्लेट आदि की बिक्री जारी है। जिनके कारोबारी हित भारत से जुड़े नहीं हैं, ऐसी कंपनियां इससे जुड़ी हुई हैं। विदेशों में रहने वाले भारतीय लोग ही इन चीजों के ग्राहक हैं। जिन देशों की ई-कॉमर्स साइटों पर उन चीजों की बिक्री चल रही है, उसे रुकवाने के लिए भारत सरकार त्वरित प्रयास करे। तिरंगे वाली चीजें खरीदने वाले भारतीयों को ध्यान में रखना चाहिए कि विदेशों में उनकी पहचान एक भारतीय नागरिक के तौर पर होती है। अगर आप ही तिरंगे का अपमान करेंगे, तो दूसरे देशों के लोग आपका ही अनुसरण करेंगे। दूसरे देशों के झंडे उपयोग में लाए जाने वाले सामानों पर रहते होंगे, इसलिए भारत के तिरंगे को भी उसमें शामिल किया जाना उचित नहीं है। हमारे देश की समृद्ध संस्कृति है इसलिए तिरंगे के अपमान को सहन करने का तो सवाल ही नहीं है। अभी हाल ही में विश्व की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ने डोरमैट पर तिरंगे की और चप्पलों पर महात्मा गांधी की फोटो उकेरी थी और सुषमा स्वराज ने कड़ी चेतावनी दी थी।