नोटबंदी को हथियार बनाएगी कांग्रेस

पार्टी ने 11 को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में बुलाए मंत्री-विधायक-नेता

शिमला— कांग्रेस पार्टी चुनावों के दौरान नोटबंदी को मुख्य हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने की तैयारी में है। इसी कड़ी में पार्टी हाइकमान ने 11 जनवरी को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में सभी राज्यों के नेताओं, कांग्रेस शासित राज्यों के मंत्रियों, विधायकों, पदाधिकारियों, जिला व ब्लॉक अध्यक्षों, नगर निगम, नगर निकायों व जिला परिषदों के अध्यक्षों और सांसदों को दिल्ली बुलाया है। नोटबंदी के खिलाफ इस दिन राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा की घेरेबंदी का ऐलान हो सकता है। मसलन 50 दिन के दौरान आम आदमी को कितना नुकसान झेलना पड़ा। चर्चा यह भी है कि राहुल गांधी को पार्टी की कमान सौंपने के लिए हाइकमान नेताओं की नब्ज टटोल रही है। यही वजह है कि इतनी बड़ी संख्या में सभी को आमंत्रित किया जा रहा है। प्रदेश में कांग्रेस सात जनवरी को जिला स्तर पर उपायुक्तों के मार्फत राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपेगी, जबकि नौ जनवरी को महिला कांग्रेस जिला स्तर पर थाली व बेलन लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करेगी। गुरुवार को कांग्रेस मुख्यालय शिमला में प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान नोटबंदी के खिलाफ चलाए जा रहे कार्यक्रम पर जहां चर्चा की गई, वहीं पदाधिकारियों व जिलाध्यक्षों ने अपने-अपने विचार रखे। श्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में भाजपा ने शिमला, सोलन व बिलासपुर में करीब 15 करोड़ की जमीन खरीद के समझौते किए हैं। भाजपा नेताओं को यह बताना चाहिए कि करोड़ों की यह राशि नोटबंदी से पहले आई थी या नहीं, भाजपा इस पर मौन क्यों है। बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस की तरफ से प्रदेश समन्वयक निर्मल सिंह ने कहा कि सभी कांग्रेसजनों को इस कार्यक्रम को सफल बनाना है और आम लोगों को नोटबंदी के नुकसान के बारे में अवगत करवाना है। बैठक में जिलाध्यक्ष, प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी मौजूद रहे।

अनुराग ठाकुर ने शर्मशार किया प्रदेश

कांग्रेस महासचिव रामलाल ठाकुर ने कहा कि अनुराग ठाकुर ने अपनी कुर्सी बचाने के लिए झूठा शपथ पत्र देकर पूरे प्रदेश को शर्मसार किया है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि भाजपा से जुड़ी एक संस्था नोटबंदी के बाद व्यापक स्तर पर अपने स्कूल भवनों का जीर्णोद्धार और कई नए भवनों का निर्माण कर रही है। इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। हालांकि इन आरोपों को भाजपा के मुख्य प्रवक्ता डा. राजीव बिंदल ने नकारा है।