मुख्याध्यापकों के 300 पद जल्द भरे सरकार

धर्मशाला  —  प्रदेश मुख्याध्यापक, प्रधानाचार्य संवर्ग अधिकारी वर्ग के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से अपनी मांगों को लेकर गुहार लगाई है। प्रदेश मुख्य सलाहकार उच्च शिक्षा उपनिदेशक कमल किशोर गुप्ता, प्रदेश वरिष्ठ उपप्रधान विजय परमार, महासचिव ध्रुव पटियाल और कांगड़ा प्रधान राजिंद्र जरियाल ने सीएम को मांग पत्र सौंपा। उन्होंने सीएम से गुहार लगाई है कि मुख्याध्यापक पदोन्नति कोटा आर एंड पी रूल 1998 के तहत 50 प्रतिशत से बढ़ाकर 60 प्रतिशत किया जाए। वर्तमान में मुख्याध्यापक के फीडर कैडर टीजीटी की संख्या लगभग 31 हजार के करीब है, जबकि सीधी भर्ती प्रवक्ता की संख्या 4500 के करीब है। उन्होंने प्रदेश भर में मुख्याध्यापक और प्रधानाचार्य के रिक्त 300 पदों को पदोन्नति के आधार पर जल्द भरा जाए। वहीं संघ ने प्रधानाचार्यों की नियमित नियुक्ति करना, पदोन्नत्त मुख्याध्यापकों की वेतन विसंगति दूर करना, निरीक्षण वर्ग में मुख्याध्यापकों को शामिल करना, मुख्याध्यापकों की वित्तीय शक्तियां बहाल करना कम्प्यूटर शिक्षकों की नियमित नियुक्तियां किए जाने की गुहार लगाई है।