मैदान वाले धूप सेंकें, पहाड़ भीगेंगे

कल से करवट लेगा मौसम, 26 तक रह-रहकर बरसेंगे बादल

 शिमला — हिमाचल प्रदेश के मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में शनिवार को फिर मौसम करवट लेगा। मौसम विभाग ने मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर बारिश बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया है। मौसम विभाग की मानें तो शनिवार को मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क बना रहेगा, जबकि विभाग ने 22 से 26 जनवरी तक समूचे प्रदेश में मौसम खराब बना रहने की संभावना जताई है। इस दौरान मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 25 व 26 जनवरी को अनेक स्थानों पर बारिश व बर्फबारी की उम्मीद जताई जा रही है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बना रहा, जिसके चलते प्रदेश के कई क्षेत्रों के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में उछाल आया है। कई क्षेत्रों के तापमान में हल्की गिरावट भी आई है। शिमला का न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री तक पहुंच गया है, जबकि गुरुवार को शिमला में न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री दर्ज किया गया था। भुंतर का न्यूनतम पारा लुढ़ककर माइनस में पहुंच गया है। इसके अलावा अधिकतम तामपान में एक से दो डिग्री का उछाल आया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि 22 से 26 जनवरी तक प्रदेश भर में मौसम खराब रहेगा। मध्य व उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 25 व 26 जनवरी को अनेक स्थानों पर बारिश-बर्फबारी होगी।

शुक्रवार का तापमान

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    15.6       4.0

सुंदरनगर  20.5       1.0

भुंतर       18.0       -1.5

कल्पा     4.0        -5.8

धर्मशाला   15.2       7.8

ऊना       —        4.0

नाहन      21.8       8.2

सोलन     20.7       1.3