शिमला में अब 23 को धरना देगी कांग्रेस

शिमला —  प्रदेश कांग्रेस आरबीआई की स्वायत्तता को लेकर शिमला में 23 जनवरी को धरना-प्रदर्शन करेगी। पहले यह कार्यक्रम 18 जनवरी को रखा था, जिसे मौसम की खराबी के कारण आगे बढ़ा दिया गया है। अखिल भारतीय स्तर पर 18 जनवरी को यह प्रदर्शन किया जाएगा और शिमला में 23 को यह प्रदर्शन होगा। आरबीआई की कुसुम्पटी शाखा के बाहर यह धरना रखा गया है। इसमें कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू समेत पार्टी के विधायकों व अन्य पदाधिकारियों को शामिल रहने के लिए कहा गया है। कांग्रेस का मानना है कि आरबीआई की स्वायत्तता खतरे में है और केंद्र सरकार ने पूरी तरह से इस स्वायत्त संस्था पर कब्जा जमा लिया है। नोटबंदी के बाद कई ऐसे प्रकरण हुए हैं, जिसमें केंद्र सरकार के फैसले चले और आरबीआई को उसे लागू करना पड़ा। अब कालेधन की जानकारी छिपाने को लेकर भी आरबीआई कोशिशें कर रहा है, जिसका कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर विरोध कर रही है। 23 जनवरी को शिमला में प्रदर्शन करने के बाद कांग्रेस यहां केंद्र सरकार के खिलाफ अभियानों को और भी तेज करेगी। प्रदेश कांग्रेस राष्ट्रीय स्तर पर घोषित होने वाले कार्यक्रमों का इंतजार कर रही है, क्योंकि इससे पहले उसे जो कार्यक्रम दिए गए थे, वे शुरू हो चुके हैं।