शिमला में गैस से पांच की मौत

अंगीठी जलाकर एक साथ सोए थे बिहार से आए मजदूर, कमरे में पाए गए मृत

शिमला— राजधानी में खराब मौसम ने पांच प्रवासी मजदूरों की जान ले ली है। बर्फबारी के बाद चल रही ठंडी हवाओं के चलते समरहिल के चायली क्षेत्र शौदोग गांव में अंगीठी जलाकर सोए पांच प्रवासी मजदूर गैस लगने के कारण कमरे में मृत पाए गए। ये सभी मजदूर कारपेंटर का काम करते थे। ये सभी किराए के मकान में रहते थे। मंगलवार को जब मकान मालिक चार-पांच दिन बाद घर लौटा तो उसने कमरे में पांचों मजदूरों को मृत पड़ा हुआ पाया। इन सभी के मुंह से सफेद झाग निकला हुआ था। गांव वालों ने इन पांचों को ही आखिरी बार सोमवार दोपहर अढ़ाई बजे देखा था। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि इन पांचों की मौत सोमवार रात अंगीठी की गैस से हुई होगी। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। सभी मजदूर बिहार के किशनगंज जिला के बताए जा रहे हैं। पुलिस शवों को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी ले गई है। पुलिस ने मजदूरों के साथियों से जानकारी हासिल कर पांचों के घरवालों को खबर कर दी है। पांचों की मौत कब-कैसे हुई इसकी जानकारी पोस्टमार्टम के बाद ही मिलेगी।