33 देशों से पहुंचे मेहमान

केंद्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने किया प्रवासी हरियाणा दिवस का शुभांरभ

चंडीगढ़— केंद्रीय ऊर्जा मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि हरियाणा प्रगति की ओर है और हरियाणा में इतनी क्षमता है कि वह पूरे देश की अर्थव्यवस्था को संचालित कर सकता है। श्री  गोयल गुरुग्राम में, प्रदेश में पहली बार आयोजित किए जा रहे प्रवासी हरियाणा दिवस के शुभारंभ अवसर पर 33 देशों से आए 400 से अधिक प्रवासी हरियाणावासियों को संबोधित कर रहे थे।  इस अवसर पर हरियाणा के राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी, मुख्यमंत्री मनोहर लाल,  शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा, वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, उद्योग मंत्री विपुल गोयल, लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन, भाजपा महामंत्री और हरियाणा प्रभारी  अनिल जैन, राज्यसभा सांसद सुभाष चंद्रा,  भाजपा प्रदेशाध्यक्ष  सुभाष बराला समेत विभिन्न गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।  उन्होंने प्रवासी हरियाणावासियों से आह्वान करते हुए कहा कि वे आएं और दृढ़ संकल्प लें कि किंगडम ऑफ  ड्रीम्स की ही भांति हरियाणा को भी किंगडम ऑफ   ड्रीम्स बनाएं। उन्होंने कहा कि आज आपको बदलते हुए हरियाणा की झलक देखने को मिलेगी और इसी कड़ी में आपको भी कुछ अलग करके दिखाना है। श्री गोयल ने कहा कि हमें हरियाणा पर गर्व है, जिसने 125 करोड़ की जनसंख्या वाले देश को ओलंपिक में मेडल दिलवाए हैं। उन्होंने प्रवासी हरियाणावासियों से आह्वान किया कि वे खिलाडि़यों को निखारने के लिए खेल अकादमी खोलें और छात्रवृत्ति जैसे कार्यक्रमों से जुडं़े।  प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण तथा प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी जिसके तहत नौ लाख तक के ऋण पर चार प्रतिशत और 12 लाख रुपए तक  तीन प्रतिशत  की छूट दी गई है। सरकार का लक्ष्य 2022 तक दो करोड़ लोगों को घर मुहैया कराना है, ताकि व्यक्ति का संपूर्ण विकास हो सके। हरियाणावासियों को अभिनंदन करते हुए कहा कि आज का दिन पर्व का दिन है, गर्व का दिन है और सर्व का दिन है। उन्होंने कहा कि हरियाणा वह धरती है । यहीं पर भगवान श्री कृष्ण ने भगवद गीता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि देश की सेना में हर पांचवां सैनिक हरियाणा से है। उद्योग विभाग के प्रधान सचिव देवेंद्र ने कहा कि प्रवासी हरियाणावासियों को उनकी जड़ों से जोड़ने के लिए हरियाणा दिवस पहली बार आयोजित किया जा रहा है।