एक मंत्री के खिलाफ बड़ा खुलासा

किशन कपूर का दावा, कालाधन सरेंडर करने पर खुलेगी पोल

धर्मशाला    – भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री किशन कपूर ने कहा कि वह जल्द ही प्रदेश के एक मंत्री के खिलाफ बड़ा खुलासा करेंगे। इसमें मंत्री द्वारा कालाधन सरेंडर करने का मामला उजागर किया जाएगा। कपूर ने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के विकास का तराजू सिर्फ अपने चेहतों को लाभ पहुंचाना है। इसी के चलते वह मंत्री के घर के आसपास ही काम करवाने को विकास कह रहे हैं। मंत्री के घर के पास हेलिपैड का निर्माण करवाना क्या विकास है। धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में एक भी नई सड़क का निर्माण नहीं हो पाया है। पुराने व भाजपा के समय के कार्यों का श्रेय लेने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर कांगड़ा से भेदभाव करने के आरोप लगाए। धर्मशाला को दूसरी राजधानी के नाम पर कांगड़ा के लोगों को गुमराह किया जा रहा है। भाजपा ने पहले ही सर्किट हाउस के निकट मंत्रियों के रहने के लिए निवास और सचिवालय भवन बनाकर राजधानी की नींव रख दी थी। कांगड़ा आकर सीएम यहां दूसरी राजधानी बनाने की घोषणा करते हैं, जबकि शिमला जाकर बयान बदल देते हैं।

…और कांग्रेस ने बंद कर दी पेंशन

सरकार धर्मशाला को राजधानी बनाना चाहती है, तो यहां बजट सत्र शुरू किया जाए। धर्मशाला को जम्मू की तर्ज पर विंटर कैपिटल बनाना चाहिए। डाक्टरों की हड़ताल से आम लोग परेशान हो रहे हैं। हिमुडा और एचआरटीसी कर्मचारियों को पेंशन सुविधा भाजपा ने शुरू की, इसे कांग्रेस ने बंद कर दिया। हिमुडा के कर्मचारी हड़ताल पर हैं, तो एचआरटीसी में रिक्त पड़े पदों के कारण बसें खड़ी हैं।