तीन मार्च तक बारिश के आसार

विभाग का पूर्वानुमान, 28 फरवरी से करवट लेगा मौसम

शिमला  – हिमाचल प्रदेश में मौसम में करवट का क्रम जारी है। शनिवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा और धूप खिली रही, जिसमें अधिकतम व न्यूनतम तापमान में फिर से उछाल आया है। मौसम विभाग की मानें तो राज्य के मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 27 फरवरी तक मौसम साफ बना रहा। मगर 28 फरवरी से तीन मार्च तक समूचे प्रदेश में फिर से मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम 27 फरवरी से ही करवट ले लेगा। शनिवार को धूप खिलने अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री तक का उछाल आया है। वही कई क्षेत्रों के न्यूनतम तापमान में भी एक से तीन डिग्री तक उछाल आया है,  जबकि कई क्षेत्रों के न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट आई है। भुंतर व नाहन के न्यूनतम तापमान में शुक्रवार के मुकाबले गिरावट आई है। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 16.7, सुंदरनगर में 23.2, भुंतर में 23.8, कल्पा में 13.8, धर्मशाला में 19.6, ऊना में 27.4, नाहन में 22.2 और सोलन में 23.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया,जो बीते रोज के मुकाबले एक से दो डिग्री अधिक आंका गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 27 फरवरी से मौसम करवट ले लेगा,जबकि मैदानी व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों मेंे 28 फरवरी से मौसम खराब रहेगा, जो  तीन मार्च तक जारी रहेगा।