बिजली बोर्ड में स्टाफ कम, काम का बोझ बढ़ा

ऊना— हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड में तकनीकी कर्मचारियों की भारी कमी है, जिसके कारण तकनीकी कर्मचारी आए दिन दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। यह बात हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत परिषद तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री सुनील शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि कुछ वर्ष पूर्व विद्युत अनुभाग में जहां तकनीकी कर्मचारियों की संख्या 10 से 15 होती थी, अब उनमें केवल मात्र दो से तीन ही तकनीकी कर्मचारी हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में नई भर्ती की प्रक्रिया शुरू हुई है, जिसका संगठन स्वागत करता है, लेकिन इससे काम चलने वाला नहीं है, तकनीकी कर्मचारियों की और भर्तियां करनी पड़ेंगी। तकनीकी कर्मचारी 22 वर्षों से एक ही पद पर कार्य कर रहे हैं, इनकी पदोन्नति पर विराम लग गया है। कुछेक तो बिना पदोन्नति के ही रिटायर हो गए हैं। उन्होंने कहा कि करुणामूलक आधार पर भी विभाग में नौकरी दी जाए। कर्मचारियों की ग्रेड-पे पर दो वर्ष की शर्त को हटाया जाए। इस अवसर पर मिनिस्ट्रियल सर्विस एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष लाला शिव कुमार व पूर्व नेता हरि सिंह ने भी कर्मचारियों को संबोधित किया।