भरमौर आ पहुंचे बर्फ के फाहे

भरमौर —  जनजातीय उपमंडल मुख्यालय भरमौर में मंगलवार दोपहर बाद बर्फ के फाहे गिरे हैं। जबकि पहाड़ों पर दिन भर रुक-रुक कर भारी हिमपात हुआ है। साथ ही क्षेत्र के ऊंचाई पर बसे गांवों में दो से अढ़ाई इंच तक ताजा बर्फ  गिरी है। यहां पर तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है और ठंड का प्रकोप भी बढ़ गया है। नतीजतन मंगलवार को लोग भी घरों में कैद होने को मजबूर हो गए। अहम है कि जनजातीय क्षेत्र भरमौर में रविवार को बारिश का क्रम आरंभ हुआ था, जिसके बाद मंगलवार तक रुक-रुक कर यहां बारिश हुई है। जबकि चोटियों पर बर्फबारी का क्रम जारी रहा। इस बीच मंगलवार को दोपहर बाद उपमंडल मुख्यालय भरमौर समेत निचले इलाकों में बर्फ के फाहे गिरने आरंभ हो गए। हालांकि करीब आधा घंटा तक ही यहां पर निचले क्षेत्रों में बर्फ के फाहे गिरे हैं। जबकि पहाड़ों और उंचाई पर बसे गांवों में हिमपात हुआ है। मौसम के कडे़ रुख को देखते हुए यहां पर ठंड का प्रकोप भी बढ़ गया है।

नहीं होगी पानी की किल्लत

उपमंडल भरमौर में इस मर्तबा सीजन में पहाड़ों पर भारी हिमपात हुआ है, जिसके चलते गर्मियों के मौसम में यहां पर पेयजल किल्लत से लोगों को नहीं जूझना पडे़गा। अहम है कि भरमौर के अधिकतर गांवों में पेयजल की आपूर्ति प्राकृतिक जल स्त्रोतों से ही होती है।