हिमाचल की सीमाएं सील

पंजाब में विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में बढ़ाई चौकसी

शिमला – पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनावों के हिमाचल के सीमावर्ती क्षेत्र में चौकसी कड़ी की गई है। हिमाचल की पंजाब के साथ लगती सीमाओं को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। पंजाब की ओर जाने वाले वाहनों व संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।  पंजाब में विधानसभा चुनाव शनिवार को होने हैं। पंजाब के साथ-साथ हिमाचल में भी इन चुनावों को लेकर चौकसी बरती जा रही है। जानकारी के अनुसार हिमाचल में भी सीमावर्ती इलाके में चौकसी कड़ी कर दी गई है। पंजाब के साथ हिमाचल का ऊना के  अलावा सोलन व बिलासपुर का कुछ क्षेत्र लगता है। चुनावों को लेकर कुछ समय पहले दोनों राज्यों की पुलिस की भी बैठक हुई थी।  इस बैठक में चुनावों में सीमा पर सुरक्षा को लेकर संयुक्त रूप कड़ी सुरक्षा के उपाय सुझाए गए थे। हिमाचल पुलिस ने पंजाब के साथ लगते अपने क्षेत्र में पहले ही मादक द्रव्यों और शराब बिक्री को लेकर कदम उठाए हैं। उधर, डीजीपी संजय कुमार ने कहा है कि पंजाब चुनाव को लेकर हिमाचल के सीमावर्ती इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। हिमाचल पुलिस के हथियारबंद जवान सीमा पर तैनात किए गए हैं। वहीं सीमा पर लगे सीसीटीवी कैमरों से भी पूरी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस मुख्यालय की ओर से भी जिला सोलन, ऊना और बिलासपुर जिला की पुलिस को हिदायतें जारी की जा गई हैं। पंजाब के अलावा उत्तराखंड में 15 फरवरी को चुनाव होने हैं। हिमाचल में शिमला और सिरमौर जिला की सीमा उत्तराखंड के साथ लगती है। इसके लिए भी हिमाचल पुलिस ने सुरक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं। बताया जा रहा है कि  हिमाचल और उत्तराखंड पुलिस की जल्द ही संयुक्त बैठक होगी, जिसमें चुनावों को लेकर हिमाचल पुलिस द्वारा उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा होगी।