कानून के राज की अपेक्षा

(किशन सिंह गतवाल, सतौन, सिरमौर)

उत्तर-प्रदेश अब तक लचर कानून व्यवस्था के लिए भी जाना जाता रहा है। अपराध वहां कई रूपों में व्याप्त है। आजम खान की भैंसे गुम हो जाती हैं, तो पुलिस का एक बड़ा दल उनकी खोज में लगा दिया जाता था। यह तो वहां के पुलिस प्रशासन की हालत थी, वहीं कई किस्म के अपराध को बिना किसी डर के अंजाम दिया जाता था। किसान उत्तर प्रदेश की आर्थिकी में उल्लेखनीय भूमिका निभाता रहा है, लेकिन उसकी दशा भी किसी से छिपी नहीं है। कर्ज के बोझ तले दबे कई किसान आत्महत्या भी कर चुके हैं। सिंचाई सरीखी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में किसान की हालत लगातार दयनीय हुई है। इस बीच योगी के मुख्यमंत्री बनने के साथ उनसे इस दिशा में कई अपेक्षाएं रहेंगी। योगी यदि मुख्यमंत्री बने हैं, तो उनके सिर पर एक तरह से कांटों भरा ताज सजा है। योगी ने यूपी के प्रति जो संकल्प दोहराए हैं, वह उन्हें अंजाम तक ले जाने में सफल हों, ऐसी हमारी शुभकामनाए हैं।