केजरीवाल का वादा खत्म करूंगा हाउस टैक्स

नई दिल्ली— दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि अगर उनकी पार्टी एमसीडी चुनाव में जीतती है तो आवासीय मकानों पर लगने वाले संपत्ति कर को खत्म कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों का इस श्रेणी का टैक्स बकाया है उसे भी माफ कर दिया जाएगा। आप के संयोजक ने कहा कि हाउस टैक्स राजस्व का मुख्य स्रोत होता है, इसलिए इसे व्यवसायिक भवनों पर जारी रखा जाएगा। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि नगर निगमों में हाउस टैक्स भ्रष्टाचार का ‘मुख्य’ स्रोत है। ‘आप’ के निगम में सत्ता में आने पर इसे समाप्त कर दिया जाएगा। केजरीवाल की पार्टी पहली बार नगर निगम का चुनाव लड़ रही है। उन्होंने आप के सत्ता में आने पर तीनों नगर निगमों को वित्तीय संकट से उबारने का विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि घाटे में चल रहे निगमों को एक साल के भीतर ‘लाभ कमाने वाले’ निकाय में तबदील कर दिया जाएगा। सालों से उत्तरी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के गंभीर वित्तीय संकट से जूझने का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा कि इसका सीधा कारण निगम में व्याप्त भारी भ्रष्टाचार है। उन्होंने कहा कि इस भ्रष्टाचार का खामियाजा निगम कर्मचारियों को महीनों से लंबित वेतन और लाखों पेंशनधारकों को सालों से पेंशन नहीं मिलने के रूप में भुगतना पड़ रहा है।