कैथल में किसानों को जैविक खेती की सलाह

कैथल —  जिला उपायुक्त संजय जून ने किसानों द्वारा जिला में अपनाई जा रही विविधिकरण की खेती तथा जैविक विधि से की जा रही कृषि का अवलोकन करने के लिए किसानों के विभिन्न फार्मों पर जाकर इस तकनीक का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने सौंगल, पूंडरी, सिकंदर खेड़ी क्षेत्रों में प्रगतिशील किसान राजेश, नफे सिंह के खेतों में पोली हाऊस व जैविक विधि से की जा रही फूलों, सब्जियों व फलों की फसलों का अवलोकन किया। हाल ही में जिला के प्रगतिशील किसान खेड़ी सिकंदर के राजेश तथा सौंगल के नफे सिंह को जैविक खेती व बागबानी की खेती को विस्तार देने के लिए फरीदाबाद के सूरजकुंड के किसान सम्मेलन में सरकार द्वारा एक-एक लाख रुपए का पुरस्कार दिया गया है। इन किसानों के उपायुक्त कार्यालय में मुलाकात के बाद उपायुक्त ने इनके कार्यों से प्रभावित होकर जैविक खेती किए खेतों का अवलोकन किया। इस मौके पर ओमप्रकाश, डा.महावीर सिंह, डा. जगफूल सिंह व किसान उपस्थित थे।