खेल संक्षेप

इंग्लैंड के स्पिन सलाहकार चुने सकलैन

कराची— इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज स्पिनर सकलैन मुश्ताक को दो वर्षों के लिए टीम का स्पिन सलाहकार नियुक्त किया है। सकलैन ने इसकी पुष्टि करते कहा कि ईसीबी ने दो वर्षाें के लिए मुझे अपना स्पिन सलाहकार नियुक्त किया है। मुझे उनके साथ एक साल में 100 दिन काम करना है। मेरी प्रमुख भूमिका इंग्लैंड टीम के खिलाडि़यों के साथ रहेगी, लेकिन मैं युवा इंग्लिश क्रिकेटरों को भी अपनी सेवाएं दूंगा। पूर्व पाकिस्तानी स्पिनर इससे पहले भी इंग्लैंड टीम के साथ जुड़े रहे हैं।

रोनाल्डो के डबल से जीता पुर्तगाल

लिस्बन— करिश्माई स्ट्राइकर क्रिस्टियानो रोनाल्डो के दो शानदार गोलों के दम पर पुर्तगाल ने हंगरी को विश्वकप फुटबॉल क्वालीफायर में 3-0 से पराजित कर दिया।  इस जीत से यूरोपियन चैंपियन पुर्तगाल ग्रुप बी में शीर्ष पर चल रहे स्विटजरलैंड से तीन अंक पीछे ही रह गया है। स्विटजरलैंड ने लात्विया को 1-0 से हराकर पांच मैचों में पांचवी जीत और 15 अंकों के साथ अपना शतप्रतिशत रिकॉर्ड कायम रखा है। रोनाल्डो ने इन दो गोलों से अपने अंतरराष्ट्रीय गोलों की संख्या 138 मैचों में 70 पहुंचा दी है। पुर्तगाल के लिये आंद्रे सिल्वा ने रोनाल्डो की मदद से पहला गोल दागा। पुर्तगाल के कप्तान रोनाल्डो ने 25 मीटर की दूरी से अपना पहला और टीम का दूसरा गोल किया। रोनाल्डो ने दूसरे हाफ में लंबी दूरी पर मिली फ्री किक पर अपना दूसरा गोल दाग दिया। पुर्तगाल की टीम यूरो 2016 में हंगरी के हाथों बाहर होते होते बच गई थी और उसने तीन बार पिछड़ने के बाद 3-3 से बराबरी की थी। यूरोप में नौ र्ग्रुपों में से हर ग्रुप का विजेता रूस में अगले वर्ष होने वाले विश्वकप में सीधे पहुंचेगा जबकि आठ सर्वश्रेष्ठ रनरअप चार और स्थानों के लिये प्लेआफ राउंड खेलेंगे।