चीनी मिल्स खरीदेंगी पूरा गन्ना

कैथल मिल के निरीक्षण के दौरान शुगरफेड चेयरमैन का किसानों को आश्वासन

कैथल —  वर्तमान पिराई सत्र 2016-17 के दौरान राज्य की सभी दस सहकारी चीनी मिलों में गत 22 मार्च तक 266.35 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई करके 25 लाख 66 हजार 930 क्विंटल चीनी का उत्पादन किया है। कैथल चीनी मिल द्वारा 27.78 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई करके दो  लाख 72 हजार 995 क्विंटल चीनी का उत्पादन किया है। कैथल सहकारी चीनी मिल की चीनी रिकवरी दर 11 प्रतिशत है। हरियाणा शुगरफैड के चेयरमैन चंद्र प्रकाश कथूरिया ने किसानों की समस्याओं के समाधान एवं मिल की कार्य प्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शाहबाद चीनी मिल द्वारा सर्वाधिक 58.53 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई करके चार लाख 98 हजार क्विंटल चीनी का उत्पादन किया है। उन्होंने किसानों से गन्ने की पर्ची तथा भुगतान की जानकारी हासिल की। चंद्र प्रकाश कथूरिया ने मिल प्रबंधन द्वारा किसानों को दी जा रही सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने चीनी के तोल के बाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के परिणामस्वरूप चीनी मिल लाभ की स्थिति में पहुंचने में सक्षम होंगे। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि चीनी मिल द्वारा किसानों का पूरा गन्ना लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा पानीपत व करनाल चीनी मिलों की पिराई क्षमता बढ़ाने पर कार्य किया जा रहा है। पानीपत मिल को बाहर गांवों में स्थानांतरित किया जाएगा। इस मौके पर मिल के मुख्य अभियंता  एए सिद्धकी, कमलकांत तिवारी, रामदिया श्योकंद, कर्मबीर सिंह, जगदीश चंद्र व अचल वीर सिंह मौजूद रहे।