भोरंज में अतीत से सबक ले रही कांग्रेस

भाजपा का विजय रथ रोकने के लिए पार्टी ने झोंकी ताकत, मंत्री-विधायक मैदान में उतरे

 हमीरपुर— भाजपा की जीत के अजय रथ को रोकने के लिए कांग्रेस ने अतीत की गलतियों से सबक लेने का प्रयास किया है। कांग्रेस ने प्रत्याशी के चयन में इस दफा नया दांव खेला है। महज चंद घंटों में बदली गई टिकट के बाद नया चेहरा एक जुझारू महिला के रूप में उतारा है। पार्टी ने एपीएमसी चेयरमैन पे्रम कौशल का टिकट काटकर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य प्रोमिला देवी पर नया दांव लगाया है। पिछड़े वर्ग की इस महिला के टिकट का ऐलान होते ही युवा कांग्रेस भी सक्रिय हो गई है। अहम है कि इस बार सरकार और संगठन दोनों ही भोरंज के प्रत्याशी पर सहमत दिख रहे हैं। इस सीट पर हमेशा मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह बनाम संगठन की प्रत्याशी चयन पर रस्साकशी जगजाहिर रही है। यह पहला मौका है कि टिकट बदलने के लिए मुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू दोनों की छाती चौड़ी हो रही थी। लिहाजा सरकार और संगठन का एका कांग्रेस के लिए सुखद संकेत है। भितरघाती भी इस बार खुलेआम कांग्रेस प्रत्याशी के लिए चुनौती नहीं बन पा रहे हैं। पिछले छह चुनावों से करारी हार का मुंह देख रही कांग्रेस के पास इस बार भी खोने के लिए ज्यादा कुछ नहीं है। इसके विपरीत कांग्रेस एकजुट होकर नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल को उनके घर में घुसकर घेरने में जुट गई है। आम चुनावों से ठीक पहले संयोगवश हो रहे इस उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी अपनी जीत से इतनी खुश नहीं होगी, जितना बड़ा जश्न भाजपा की हार पर मनाएगी। इन्हीं ख्वावों ने कांग्रेस कार्यकर्ताआें में भी नया जोश पैदा कर दिया है। पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही कांग्रेस प्रत्याशी पंचायती राज चुनावों में अपनी पैठ जमा चुकी है। वह समीरपुर वार्ड से दो बार जिला परिषद निर्वाचित हो चुकी हैं। इसके अलावा एक बार बीडीसी सदस्य रह चुकी हैं। अहम है कि कांग्रेस प्रत्याशी प्रोमिला देवी ने यह जीत नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल के गृह जिला परिषद वार्ड में हासिल की है।

दस सेक्टर में फील्डिंग

सत्तारूढ़ दल ने भोरंज सीट को जीतने के लिए पहली बार इस विस क्षेत्र को दस सेक्टर में बांटा है। हर सेक्टर में मंत्री और विधायकों की तैनाती की है। इसके अलावा सरकार ने अपने सभी निगम बोर्ड के अध्यक्ष को चप्पे-चप्पे पर तैनात कर दिया है। कांग्रेस की यह मजबूत फील्डिंग पहले किसी भी चुनाव में नहीं देखी गई है।