मौसम के अनुसार खेती करना सीखेंगे किसान

पालमपुर —  प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय की चारा एवं चरागाह प्रबंधन विभाग की ग्रामीण कृषि मौसम सेवाएं परियोजना के तहत 25 मार्च को ऊना जिला के गगरेट में एकदिवसीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कार्यशाला में फसलों, बागबानी, पशुधन का मौसम के साथ संबंध व प्रभाव के बारे में भी अवगत करवाया जाएगा। जानकारी के अनुसार प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग द्वारा प्राप्त मौसम के पूर्वानुमान आंकड़ों पर आधारित कृषि सलाह सेवाएं कांगड़ा, चंबा ऊना व हमीरपुर जिलों के लिए जारी की जाती हैं। इनका प्रचार व प्रसारण हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर की वेबसाइट, भारत मौसम विभाग नई दिल्ली व शिमला की वेबसाइट में जिलावार प्रकाशित होता है। इस योजना के तहत जिला ऊना के लगभग 56 हजार किसानों ने अपना पंजीकरण करवा रखा है। मुख्य वैज्ञानिक डा. सुरेश चंद नेगी,  डा. रणबीर सिंह राणा, डा. सुरेश कुमार शर्मा, डा. ज्योति रंजन कालिया व ऊना  के वरिष्ठ वैज्ञानिक भी इस संगोष्ठी में भाग लेंगे।