वन बचाने को एकजुटता जरूरी

अंतरराष्ट्रीय वन दिवस पर भरमौरी का लोगों से आह्वान

शिमला – अंतरराष्ट्रीय वन दिवस पर वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा कि सभी को वन बचाने व बढ़ाने के लिए मिलकर कार्य करना चाहिए। अगर जंगल होंगे, तभी वृक्ष होंगे व इन्हीं से वनों में जैव विविधता रहेगी तथा इन सभी से ही वातावरण को संतुलित रखा जा सकेगा। धरती पर तापमान दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है तथा इस पर लगाम लगाने के लिए वन महत्त्वपूर्ण भूमिका अदा कर सकते हैं। वन मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय वानिकी दिवस पर सभी लोगों से आग्रह किया कि वे पौधारोपण में वन विभाग को सहयोग दें। गैर वानिकी क्षेत्रों जैसे कृषि भूमि पर भी कृषि के साथ पौधारोपण करना चाहिए, जिससे किसानों को घर द्वार बालन, चारा की जरूरतें पूरी हो सकें और अतिरिक्त आय का साधन उपलब्ध हो सके। शिमला में इस अवसर पर वन विभाग के सामुदायिक भवन खलीनी में कृषि वानिकी पर एक कार्य योजना का आयोजन किया। राष्ट्रीय मिशन के अंतर्गत किसानों को नर्सरी आदि लगाने हेतु जानकारी भी दी गई। इस कार्यशाला में मुख्य अरण्यपाल (वित्त) केएस ठाकुर ने किसानों को राष्ट्रीय मिशन के लिए जानकारी दी, जिसमें किसानों को नर्सरी उगाने के लिए विभागीय सहायता प्रदान की जाएगी। इस अवसर पर वानिकी विश्वविद्यालय सोलन से डा. पंत ने विभिन्न स्थानों पर जलवायु के आधार पर अलग-अलग किस्म के पौधों के बारे में भी जानकारी दी। सुन्नी से आए भूपराम शर्मा ने उनके द्वारा लगाई जा रही चंदन की नर्सरी के बारे में भी जानकारी साझा की। इस अवसर पर एसएस नेगी , विनीत कुमार, एसी शर्मा और मुख्यालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के अतिरिक्त क्षेत्रीय अरण्यपाल एवं वन मंडलाधिकारियों व प्रदेश से आए किसान प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।