एक नजर

आईएस की मदद पर सात साल की जेल

नई दिल्ली- आतंकी संगठन आईएस के लिए पैसा जुटाने और लोगों को संगठन में शामिल करने की आपराधिक साजिश रचने के मामले में दोषी करार दो लोगों को एक विशेष अदालत ने शुक्रवार को सात साल कैद की सजा सुनाई। जम्मू-कश्मीर के रहने वाले आरोपी अजहर उल इस्लाम (24) और महाराष्ट्र के निवासी मोहम्मद फरहान शेख (25) के खिलाफ अदालत द्वारा आरोप तय करने और इसके महीनेभर बाद दोनों आरोपियों के अपने किए पर खेद जताने के बाद जिला न्यायाधीश अमरनाथ ने उन्हें दोषी करार दिया। आरोपियों ने अधिवक्ता एमएस खान के जरिए दिए आवेदन में कहा कि उन दोनों को अपने किए (कथित तौर) पर खेद है। इससे पहले उनका कोई आपराधिक रिकार्ड नहीं है और वे मुख्यधारा में शामिल होना चाहते हैं और समाज के लिए कुछ करना चाहते हैं। दोनों पुनर्वास चाहते हैं।

बरखा सिंह दिल्ली कांग्रेस से आउट

नई दिल्ली — दिल्ली महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बरखा शुक्ला सिंह को दल विरोधी गतिविधियों के चलते पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है। बरखा शुक्ला सिंह ने गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष अजय माकन पर दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, उन्होंने कहा था कि वह पार्टी में बनी रहेंगी। उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर भी कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनने के आरोप लगाए थे। उधर, बरखा शुक्ला सिंह ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी ने उन्हें निकाल कर दिमागी दिवालियापन का सबूत दिया है। सुश्री सिंह ने कहा कि पार्टी में कोई भी बोलने की हिम्मत नहीं दिखा पा रहा था। पार्टी से निकालने के फरमान का करारा जवाब दिया जाएगा।