कांग्रेस छोड़ भाजपा के हुए लवली

नई दिल्ली— एमसीडी चुनावों से पहले दिल्ली में कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के दिग्गज नेता अरविंदर सिंह लवली भाजपा में शामिल हो गए हैं। लवली, शीला दीक्षित सरकार में मंत्री थे और दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। कांग्रेस के लिए यह अजीब स्थिति है, क्योंकि पार्टी की तमाम प्रचार सामग्री पर आला नेताओं के साथ लवली की तस्वीर भी थी। सूत्रों के मुताबिक, लवली एमसीडी चुनावों में टिकट बंटवारे से नाराज चल रहे थे। मंगलवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने लवली को भाजपा में शामिल करवाया। लवली के साथ दिल्ली युवक कांग्रेस अध्यक्ष अमित मलिक भी भाजपा में शामिल हो गए हैं।