कोरियोग्राफी सफलता संग करें नृत्‍य

डांस सिखाना यानी कोरियोग्राफर बनना आज कल युवाओं की पसंद बन रहा है। यह पैसा और नाम देने वाला करियर है और फिल्म इंडस्ट्री में अच्छे कोरियोग्राफर की डिमांड बढ़ती जा रही है, लेकिन इसमें करियर बनाने की सोचने से पहले यह जान लें कि कोरियोग्राफी केवल डांस करना ही नहीं है बल्कि दूसरों को नए तरह का डांस सिखाना भी है। इसलिए सब तरह के डांस, डांसिंग स्टेप्स और हर तरह के म्यूजिक पर डांस कर सकना ही कोरियोग्राफी है…

सभी माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा पेंटिंग भी करे, गाए भी, नाचे भी पर करियर की बात आते ही इन क्षेत्रों से मुंह फेर लिया जाता है। यदि गहराई से सोचा जाए तो नाचने-गाने जैसे क्षेत्र में भी अच्छा पैसा और नाम कमाया जा सकता है। कहा जाता है कि हर सफल शख्स के पीछे उसे सफल बनाने वाला कोई होता है। वह मेंटर हो सकता है, टीचर या फिर गाइड भी हो सकता है।  हर सफल डांसर के पीछे एक कोरियोग्राफर होता है। विचार, लय व संगीत के बीच सामंजस्य से एक बेहतरीन और मौलिक डांस सीक्वेंस तैयार होता है। यह सामंजस्य लाना ही कोरियोग्राफर का काम होता है। डांस सिखाना यानी कोरियोग्राफर बनना आज कल युवाओं की पसंद बन रहा है। यह पैसा और नाम देने वाला एक करियर है और फिल्म इंडस्ट्री में अच्छे कोरियोग्राफर की डिमांड बढ़ती जा रही है, लेकिन इसमें करियर बनाने की सोचने से पहले यह जान लें कि कोरियोग्राफी केवल डांस करना ही नहीं है बल्कि दूसरों को नए तरह का डांस सिखाना भी है।

*  श्यामक डावर सालसा डांस कंपनी, मुंबई

*  नाट्य इंस्टीच्यूट ऑफ कत्थक एंड कोरियोग्राफी, बंगलूर

*  फैकल्टी ऑफ  आर्ट्स यूनिवर्सिटी, मैसूर

*  स्कूल ऑफ  फाइन आर्ट्स एंड म्यूजिक, इंदौर

*  टैगोर इंटरनेशनल स्कूल, नई दिल्ली

*  महात्मा गांधी मिशन संगीत अकादमी, औरंगाबाद

*  शिवाजी यूनिवर्सिटी, कोल्हापुर

*  गवर्नमेंट कालेज ऑफ डांस एंड म्यूजिक, भुवनेश्वर

डांस से आगाज

कोरियोग्राफर का सफर डांसर के रूप में शुरू होता है। विभिन्न शैलियों के नृत्य सीखना जैसे क्लासिकल, मॉडर्न और फोक आदि कोरियोग्राफर बनने की प्रक्रिया का ही हिस्सा है। डांसर के लिए न सही, कोरियोग्राफर के लिए विभिन्न शैलियों की डांस तकनीकों का ज्ञान होना बहुत जरूरी है। एक समय कोरियोग्राफी को हॉबी के तौर पर ही देखा जाता था, लेकिन अब यह एक अच्छा करियर ऑप्शन भी बन गया है। ख्यात कोरियोग्राफर एशली लोबो के अनुसार आज अनेक युवा डांस को प्रोफेशनल तौर पर अपनाने के लिए तैयार हैं, लेकिन दुर्भाग्य से उनमें से बहुत कम को अपने अभिभावकों का समर्थन मिला हुआ है। उन्हें राह दिखाने वाले मेंटर तो और भी कम हैं। इसके चलते सही मायनों में प्रशिक्षित डांस प्रोफेशनल्स की कमी लगातार बनी हुई है, जबकि इनकी मांग लगातार बढ़ती जा रही है।

कौन बन सकता है कोरियोग्राफर

इस करियर में उमंग के साथ-साथ फोकस, समर्पण और अनुशासन की जरूरत होती है। आपको क्रिएटिव होना चाहिए और लगातार अपनी प्रतिभा में निखार लाते रहने को तत्पर रहना चाहिए। सबके साथ मिलकर काम करने की क्षमता भी जरूरी है। स्वस्थ, ऊर्जावान और लचीले शरीर का मालिक होना कोरियोग्राफर से अपेक्षित होता है। संगीत और नृत्य की मूलभूत समझ तो खैर होनी ही चाहिए। यहां कई-कई घंटे प्रैक्टिस और रिहर्सल के लिए देने पड़ते हैं। इस मायने में यह थका देने वाला प्रोफेशन है। मगर दूसरा पहलू यह है कि इसमें देश-विदेश में घूमने के भी अवसर काफी होते हैं।

शैक्षणिक योग्यता

कोरियोग्राफर बनने के लिए कोई शैक्षणिक डिग्री जरूरी नहीं है। मगर आप औपचारिक शिक्षा हासिल कर लें, तो बेहतर रहता है। कोरियोग्राफी का मतलब केवल फिल्मों के लिए कोरियोग्राफी करना नहीं होता। इसमें विशेषज्ञता के कई क्षेत्र हैं, जैसे म्यूजिक वीडियोज की कोरियोग्राफी, थियेटर कोरियोग्राफी, टीवी कोरियोग्राफी, एड कोरियोग्राफी, विकलांगों के लिए कोरियोग्राफी आदि। अपनी पसंद के अनुसार आप अपना कार्यक्षेत्र चुन सकते हैं।

क्या करता है कोरियोग्राफर

कोरियोग्राफर का काम नृत्य कलाओं के साथ प्रयोग कर संगीत के भावों को एक कहानी की तरह प्रस्तुत करने का होता है। कोरियोग्राफी के दौरान आप अपने पसंदीदा संगीत को चुनते हैं और उसमें महारत हासिल करते हैं। आजकल स्टर्न स्टाइल्ज का बहुत बोलबाला है। लोग सलासा, जाइव, फॉक्सट्रॉट, वाल्ट्ज, सांबा, रूंबा और टैंगो आदि तरह के डांस पसंद करते हैं। स्टाइल चाहे कोई भी हो, कोरियोग्राफी आपको परफेक्शन के साथ नाचने और नचाने की छूट देती है।

कितनी होती है आमदनी

इस करियर में अनुभव के आधार पर आमदनी होती है। एक फ्रेशर कोरियोग्राफर के तौर पर 400 से 500 रुपए प्रति घंटा प्राप्त करता है जबकि कुछ अनुभव हो जाने पर कोरियोग्राफर को 2000 रुपए प्रति घंटे तक मिल जाते हैं। फिल्म इंडस्ट्रीज से जुड़े अनुभवी और सफल कोरियोग्राफर एक साल में 20 लाख रुपए तक कमा लेते हैं।

फीस कितनी

छोटे स्तर पर कोरियोग्राफर कोर्स 2000 से 4000 रुपए तक की फीस में उपलब्ध हैं। बड़े-बड़े संस्थानों में टिपिकल डांस पैटर्न की कोरियोग्राफी फीस 25000 रुपए तक हो सकती है। कई संथानों में यह फीस 6000 से 15000 रुपए के बीच होती है।

कोरियोग्राफर कैसे बनें

अपने डांस को हमेशा कंटीन्यू रखें

आपको अगर डांस करने में रुचि है और आप डांस में अपना करियर बनाना चाहते हैं, तो आप अपने डांस को कभी भी ऑफ  मत रखिए।  कहने का मतलब है कि आप हो सके तो रोज या दो तीन दिन के बाद अपने घर में ही डांस की प्रैक्टिस करिए। आप अगर चाहें, तो एक कमरे को लॉक करके उस कमरे में अपने डांस की प्रैक्टिस कर सकते हैं। आप अगर अपने डांस को एकदम से बंद न करके उसको कंटीन्यू रखेंगे, तो आपको डांस में एक्सपीरियंस बना रहेगा और आपको डांस करने में किसी भी तरह की झिझक का एहसास नहीं होगा।

स्कूल , कालेज में डांस कंपीटीशन में भाग लें

अगर आप डांस में अपना करियर बनाने में इंटरेस्टेड हैं, तो आप स्कूल, कालेज और बाकी छोटे- मोटे आयोजनों में होने वाले डांस कंपीटीशन में भाग लेते रहें। ऐसे छोटे- मोटे कंपीटीशनों में भाग लेते रहने से आपकी झिझक वाली फीलिंग खत्म हो जाएगी और जब आपको किसी के सामने डांस करने से झिझक का एहसास नहीं होगा, तब आप अपने डांस को खुल के कर पाएंगे और डांस मैं अपना करियर बनाने में और डांस की दुनिया में अपनी एक जगह बनाने में कामयाब हो जाएंगे।

डांस क्लास ज्वाइन करें

अगर आप डांस में करियर बनाना चाहते हैं, तो इस के लिए आपका डांस में माहिर होना बहुत जरूरी हैं और इसके लिए आप एक डांस क्लास ज्वाइन कर सकते हैं। ऐसा करने से डांस के प्रति आपका जुनून और डांस में आपका नॉलेज दोनों में वृद्धि होगी।

प्राइवेट इंस्टीच्यूट में भी डांस सिखाएं

जब आप गवर्नमेंट के इंस्टीच्यूट से डांस में डिग्री या डिप्लोमा ले लें, तो यह मत समझिए कि आपकी डांस की पढ़ाई पूरी हो गई है। इसके बाद आप प्राइवेट संस्थानों से डांस की प्रैक्टिस करें।

किसी मुंबई के ग्रुप को ज्वाइन करें

जब आप प्राइवेट इंस्टीच्यूट से भी डांस सीख लें, तो उसके बाद आप मुंबई के किसी डांस ग्रुप को ज्वाइन कर लें। वैसे तो डांस ग्रुप हर जगह होते हैं, पर मुंबई में रहकर आप प्रोड्यूसर और डायरेक्टर्स से संपर्क भी कर सकते हैं। डांस में करियर के लिए मुंबई ही सबसे सही जगह है।

जॉब में ज्यादा से ज्यादा सीखें

कुछ सीखने का मतलब यह नहीं कि आप अपने आपको सबसे अच्छा कोरियोग्राफर समझने लगें। याद रखें पढाई के दौरान सीखने में और जॉब करते समय सीखने में बहुत अंतर होता है। इसलिए जब आप डांस ग्रुप ज्वाइन करें तो आप ज्यादा से ज्यादा अनुभव लेने की कोशिश करें।

वीडियो सीडी से सीखें-

आप कुछ फॉरेन कोरियोग्राफर के डांसेज की सीडी खरीद लें। जब आप खाली हों तो आप डांस की सीडी चलाकर उनके स्टेप्स को नोट करें और सोचें कि इस स्टेप में और क्या नया हो सकता है। ये सभी नए स्टेप जो आप बना रहे हैं उसे आप अकेले में परफॉर्म करके अपने वीडियो कैमरे में रिकार्ड कर लें, जिससे कि आप ये डांस स्टेप्स भूलेंगे नहीं और समय पर आप किसी प्रोड्यूसर और डायरेक्टर को वे स्टेप्स करके दिखा सकते हैं।

प्रोड्यूसर और डायरेक्टर्ज से संपर्क करें

जब आपको यकीन हो जाए कि किसी गाने की कोरियोग्राफी आप कर सकते हैं और आपके पास अनेकों नए डांस स्टेप्स हैं। तब आप फिल्म प्रोड्यूसर और डायरेक्टर से संपर्क करें और उन्हें पहली मुलाकात में ही डांस स्टेप दिखाएं कि फिल्म प्रोड्यूसर और डायरेक्टर्स आप से प्रभावित हुए बिना नहीं रह सकें और आपको कोरियोग्राफी करने का अवसर दें। फिल्म जगत में एक मौका आपकी किस्मत बदल सकता है।