मोदी की रैली से विस चुनावों का शंखनाद

धूमल बोले, देश के बाकी राज्यों की तरह हिमाचल भी जल्द हो जाएगा कांग्रेसमुक्त

चैलचौक— नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा 50 प्लस नहीं, 60 प्लस का टारगेट लेकर चलेगी और उसे पूरा भी करेगी। देवभूमि हिमाचल को वीरभद्र सरकार ने ड्रग भूमि बना दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शिमला रैली से प्रदेश में विस चुनावों का शंखनाद होगा और उसके बाद प्रदेश में कभी भी चुनाव हो जाएंगे। श्री धूमल सोमवार को चैलचौक में नाचन भाजपा की परिवर्तन रैली और माफिया राज हटाओ, प्रदेश बचाओ रैली को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उनका चैलचौक बाजार में स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि मोदी लहर से देश कांग्रेस मुक्त हो रहा है तथा अब हिमाचल में भी मोदी 27 अपै्रल को कदम रखकर प्रदेश को कांग्रेस मुक्त करने आ रहे हैं, जिससे प्रदेश सरकार में हड़कंप मच गया है। सत्ता परिवर्तन के लिए हिमाचल में नाचन की तर्ज पर सभी विस क्षेत्रों में 100 रैलियां की जाएंगी, जिनका आधार माफिया राज हटाओ, प्रदेश बचाओ होगा। प्रदेश सरकार की वजह से पंचायतों को विकास करवाने के लिए रेत-बजरी नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कोई भी कार्यक्रम हो तो रिज पर होता है और मोदी रिज पर जनसभा करेंगे तो कांगे्रस उसके गिरने की अफवाहें फैला देती है। उन्होंने कहा कि साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल में कांग्रेस सरकार ने प्रदेश में माफिया राज को बढ़ावा दिया है। इस मौके पर विधायक सराज जयराम ठाकुर और विनोद कुमार ने भी जनता को संबोधित किया। सांसद रामस्वरूप शर्मा, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, राकेश जम्वाल, रूप सिंह ठाकुर, इंद्र सिंह गांधी, चौधरी महंत राम, मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा, मंडल अध्यक्ष नाचन रविंद्र राणा सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर मौजूदगी दर्ज करवाई।