राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मूहल, कांगड़ा

मीना कुमारी प्रिंसीपल

शिक्षा के ज्ञान के साथ संस्कारों का बीजरोपण संस्कृति और सभ्यता से पहचान करवाती राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मूहल देहरा उपमंडल के अग्रणी शिक्षा संस्थानों में अपनी अलग पहचान बनाए हुए है। यह शिक्षा की तपोस्थली है। विद्यालय में वर्तमान समय में 30 के लगभग योग्य बुद्धिजीवी वर्ग शिक्षक के रूप में तथा दस के लगभग अन्य कर्मचारी कार्यरत हैं। विद्यालय के पास एक सुंदर व हवादार भवन है, जो इसकी सुंदरता में चार चांद लगाता है। स्वच्छ, सुंदर 27 कक्षा कक्ष, एक सभागार के साथ विद्यार्थियों को खेलने के लिए विशाल क्रीड़ा क्षेत्र है। विद्यालय की स्थापना 1953 में प्राथमिक विद्यालय के रूप में हुई। इस शिक्षा संस्थान ने ज्ञान वितरण का पुनीत कार्य करते हुए 1960 में उच्च विद्यालय तथा 1996 में वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनने तक का स्वर्णिम सफर तय किया। वर्तमान में विद्यालय में विज्ञान, कला, वाणिज्य संकाय चल रहे हैं तथा इनके साथ-साथ व्यावसायिक शिक्षा (वोकशेनल एजुकेशन)बच्चों को प्रदान की जा रही है। विद्यालय के परिश्रमी शिक्षक वर्ग के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम हर वर्ष उत्कृष्ट, सराहनीय  तथा बेहतरीन रहता है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्काउट एंड गाइड की राज्य स्तरीय रैली में भी भाग लिया।

इस तरह अन्य सांस्कृतिक प्रतियोगिताआें में भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन हमेशा से किया है। विद्यालय में आपदा प्रबंधन की शिक्षा भी दी जाती है। बच्चों का सर्वांगीण विकास हो, इसके लिए समय-समय पर विभिन्न प्रतियोगिताओं भाषण, प्रश्नोत्तरी, रंगोली, निबंध प्रतियोगिता , गायन प्रतियोगिता व नृत्य प्रतियोगिता, वाद-विवाद प्रतियोगिता व युवा संसद जैसी अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन होता है। प्रधानाचार्या महोदय के नेतृत्व में एक समर्पित, कर्म, शिक्षा वर्ग, गैर शिक्षक वर्ग एक उद्देश्य के अहर्निश प्रयासरत है और वो है छह उत्कृष्ट शिक्षा एवं सर्वांगीण व्यक्तित्व विचार।  विद्यालय में बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए अत्याधुनिक साइंस लैब तथा बेहतरीन संगणक शिक्षा (कम्प्यूटर एजुकेशन) के लिए स्मार्ट क्लास रूम है। सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ बच्चों को दिया जा रहा है। शिक्षा का उद्देश्य मानसिक विकास के साथ शारीरिक, स्वास्थ्य विकास भी है। विद्यालय में विद्यार्थियों का क्रीड़ात्मक स्तर भी बेहतरीन है। विद्यार्थी विद्यालय का नेतृत्व खंड स्तर, जिला स्तर, प्रदेश स्तर तथा राष्ट्रीय स्तर पर करते आए हैं।

कुशल प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में खिलाडि़यों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उच्च विद्यालय रहते हुए इस संस्थान ने कबड्डी के क्षेत्र में तीन वर्ष तक राज्य स्तरीय खिताब अपनी झोली में डाला है। खेल के साथ-साथ जीवन मूल्यों  के ज्ञान के लिए यह शैक्षणिक उपक्रम भी विद्यालय में बेहतरीन ढंग से चल रहे हैं। एनएसएस तथा स्काउट एंड गाइड की गतिविधियों में विद्यार्थी बढ़ चढ़कर भाग लेते हैं। एनएसएस के अंतर्गत सत्र 2012-13 में विद्यालय के छात्र ईशान शर्मा पुत्र श्री देवराज ने गणतंत्र दिवस परेड में विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया। स्काउट एंड गाइड की नेशनल शिविर जो कर्नाटक में संपन्न हुआ, उसमें विद्यालय के दो छात्र सचिन और अजय ने सत्र 2016-17 में भाग लिया। स्कूल छात्रों के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

– अजीत शर्मा, मूहल