शिमला सीखेगा आग से निपटना

शिमला  —  प्रदेश में अग्निशमन सप्ताह मनाया जा रहा है। इस सप्ताह के दौरान प्रदेश भर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिमला में अग्निशमन सप्ताह का शुभारंभ मुख्य अग्निशमन अधिकारी जेसी शर्मा ने किया। इस मौके पर शिमला के मालरोड अग्निशमन केंद्र में एक प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें आग बुझाने के काम आने वाले उपकरणों को प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी जेसी शर्मा ने अग्निशमन कर्मियों द्वारा दी जा रही सेवाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि अग्निशमन कर्मचारी आग से लोगों की संपत्तियों को बचाने का साहसिक कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश में अग्निशमन सेवाओं का विस्तार कर  रही है, ताकि आग से जान-माल की रक्षा की जा सके। इससे पहले अग्निशमन के अधिकारी और कर्मचारियों ने 14 अप्रैल, 1944 को मुंबई में शहीद हुए अग्निशमन जवानों की याद में  दो मिनट का मौन भी रखा। चीफ फायर आफिसर जेसी शर्मा ने कहा कि इस सप्ताह के दौरान अधिकारी व कर्मचारी विभिन्न शिक्षण संस्थानों और औद्योगिक इकाइयों  में जाकर अग्नि और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के बारे में जागरूक करेंगे। इस दौरान बड़े उद्योगों, अत्याधिक ज्वलनशील पदार्थों से संबंधित उद्योगों और बहुमंजिला इमारतों का निरीक्षण भी किया जाएगा,  वहीं लोगों को पंफलैट बांटकर भी आग से बचाव की जानकारी दी जाएगी।