हस्तक्षेप छोड़ बिखरे कुनबे को संभाले

चंबा – भाजयुमो के जिला प्रधान विनायक रैणा ने कहा है कि भाजपा के कांग्रेस मुक्त भारत के सपने को साकार होता देख पूर्व चुनावी रण छोड़कर चुके नेता अपने कार्यक्षेत्रों की ओर रुख कर अपनी सियासी जमीन तलाशने में जुट गए हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से भाजपा पर दोषारोपण करने से पहले सदर हलके में अपने नेता के नाम को स्पष्ट करने की बात कही है। विनायक रैणा ने कांग्रेसी नेताओं को सलाह दी है कि भाजपा के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने की बजाय अपने बिखरे कुनबे को संभाले। उन्होंने साथ ही भ्रष्टाचार के मामले में नाम सामने आने के बाद मुख्यमंत्री से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग भी है। वह शनिवार को मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। विनायक रैणा ने कांग्रेसी नेताओं को अपना सियासी कद देखकर सदर हल्के का प्रतिनिधित्व कर रहे भाजपा विधायक के खिलाफ  टिप्पणियां करने को कहा है। भाजपा नेताओं पर छींटाकशी करने से पहले यह नेता अपने गिरेबान में झांके। अन्यथा भाजयुमो ऐसे कांग्रेसी नेताओं के खिलाफ मोर्चा खोलने से गुरेज नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि अंकठ भ्रष्टाचार में संलिप्त कांग्रेस चुनावी वर्ष में बेवजह के मुद्दों को तूल देकर राजनीतिक हित साधने की फिराक में हैं। मगर प्रदेश व जिला की जनता कांग्रेस की करनी व कथनी के अंतर को जानते हुए उसे सत्ता से बेदखल कर भाजपा को प्रदेश की बागडोर संभालने का मन बना चुकी है। विनायक रैणा ने कहा कि पिछले दस वर्षों के दौरान भाजपा विधायक की रहनुमाई में सदर हलके में अथाह विकास कार्य हुए हैं। हलके में सड़कों के नेटवर्क को मजबूत कर ग्रामीण क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया है। चंबा का नया डिग्री कालेज भवन, बस अड्डा और साढ़े चौदह करोड रुपए की लुड्डू-बाट पेयजल योजना इसका उदाहरण है। इस मौके पर भाजयुमो के जिला महामंत्री रविंद्र कुमार, जिला प्रवक्ता नीतिमा नीरू, लीगल सेल के संयोजक ईशान शर्मा, जिला सचिव साहिल बेदी और जिला कार्यकारिणी सदस्य शरित डोगरा भी मौजूद रहे।