एक सीट पर कांग्रेस एक पर आप जीती

नई दिल्ली— दिल्ली के तीनों निगमों पर 28 दिन पहले हैट्रिक के साथ जोरदार जीत हासिल करने वाली भाजपा को मंगलवार को करारा झटका लगा। दो वार्डों के चुनाव में एक सीट कांग्रेस और एक आम आदमी की पार्टी (आप) की झोली में गई। नगर निगम के 23 अप्रैल को हुए चुनाव में पूर्वी निगम के मौजपुर और उत्तरी निगम के सराय पीपल थला वार्डों का चुनाव एक-एक उम्मीदवार की मृत्यु हो जाने के कारण स्थगित करना पड़ा था। 26 अप्रैल को आए नतीजों में भाजपा ने 270 वार्डों में से 181 पर जोरदार जीत के साथ लगातार तीसरी बार कब्जा किया था। उत्तरी निगम के सराय पीपल थला वार्ड से कांग्रेस के मुकेश गोयल ने भाजपा के मंगतराम शर्मा को 2743 मतों से हराया। पिछले निगम में विपक्ष के नेता रहे श्री गोयल को 10946 और श्री शर्मा को 8203 मत मिले। आप के उम्मीदवार को केवल 2903 मत मिले और उसकी जमानत भी जब्त हो गई। पूर्वी निगम के मौजपुर वार्ड से आप की उम्मीदवार ने कांग्रेस की  रेखा को 699 वोटों से पराजित किया। आप की रेशमा नदीम को 9374 और कांग्रेस की रेखा 8675 वोट मिले। भाजपा की सुमन शर्मा 5763 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रही। कुल पड़े 26032 मतों में से विजयी उम्मीदवार को 36.01 प्रतिशत और दूसरी नंबर पर रही कांग्रेस की 33.32 प्रतिशत वोट मिले। भाजपा के उम्मीदवार को केवल 22.14 प्रतिशत मत मिले, जबकि 95 मतदाताओं ने नोटा का इस्तेमाल किया।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !