एसोसिएट विधायकों का कांग्रेस से कोई वास्ता नहीं
प्रदेशाध्यक्ष सुक्खू बोले, जब जीतकर आए थे तब भी पार्टी के नहीं थे, और अब भी नहीं कौल ने कहा, लालच वश पार्टी में आए थे निर्दलीय एमएलए
समापन पर नहीं पहुंचे सुधीर शर्मा
शहीद सम्मान पदयात्रा के समापन पर शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा नहीं पहुंचे। पदयात्रा के शहीद स्मारक पहुंचने तक मंत्री साथ ही रहे, लेकिन शहीद स्मारक के प्रवेश द्वार से मंत्री गगल के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि शहरी विकास मंत्री का दिल्ली जाने का कार्यक्रम निर्धारित था, जिसके चलते वह शहीद स्मारक के प्रवेश द्वार से एयरपोर्ट रवाना हो गए।
शहीद सम्मान पदयात्रा में ये नेता शरीक
पदयात्रा में प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू, स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल, शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, कृषि मंत्री सुजान सिंह पठानिया, सीएम के राजनीतिक सलाहकार रंगीला राम राव, सीपीएस राजेश धर्माणी, सोहन लाल, जगजीवन पाल, इंद्रदत्त लखनपाल, चौधरी चंद्र कुमार, ठाकुर राम लाल, अनिल गोयल, विधायक अजय महाजन, संजय रतन, यादविंद्र गोमा, किशोरी लाल, केवल सिंह पठानिया, सुरेंद्र चौहान, रितेश कपरेट, रघुवीर सिंह बाली, आशीष बुटेल सहित अन्य मौजूद रहे।
बाली-बुटेल-भारती-मेजर नहीं आए
शहीदों के सम्मान में धर्मशाला में आयोजित कांग्रेस पार्टी की पदयात्रा में जिला से संबंधित प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी बुटेल, परिवहन मंत्री जीएस बाली, सीपीएस नीरज भारती, प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष मेजर विजय सिंह मनकोटिया अनुपस्थित रहे।
भाषणों से देश चला रहे प्रधानमंत्री मोदी
शहीद सम्मान पदयात्रा के समापन पर सुखविंदर सुक्खू-कौल सिंह ने बोला हमला
धर्मशाला – तीन साल पहले भारतीय सेना के एक जवान के बदले 10 आतंकवादियों के सिर लाने की बात करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस घोषणा को पूरा नहीं कर पाए हैं। प्रधानमंत्री भाषणों से देश को चला रहे हैं। अकेले हिमाचल के ही पिछले तीन साल में 30 सपूत शहादत पा चुके हैं। रविवार को धर्मशाला में आयोजित शहीद सम्मान पदयात्रा के समापन पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास भी कुर्बानियों से भरा रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी और स्वर्गीय राजीव गांधी ने भी देश की एकता व अखंडता के लिए कुर्बानी दी है। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी ने आधुनिक भारत की नींव रखी थी। इसके परिणाम आज सामने आ रहे हैं। प्रदेश में कांग्रेस नेतृत्व और कार्यकर्र्ताओं के दम पर फिर से सत्ता में लौटेगी। राजीव गांधी का सपना था कि हर पंचायत में टेलीफोन हो और हर हाथ में मोबाइल। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की नीतियों का ही परिणाम है कि आज भारत पूरे विश्व में समृद्ध राष्ट्र के रूप में जाना जाता है। उन्होंेने कहा कि सीएम वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में हिमाचल में अथाह विकास हुआ है। इन विकास कार्यों को पार्टी कार्यकर्ता आम जनता में लेकर जाएं, ताकि कांग्रेस फिर सत्ता में आ सके।
यात्रा से पहले नारेबाजी
पदयात्रा से पहले केवल सिंह पठानिया कार्यकर्ताओं के साथ कोतवाली बाजार तक आए, वहीं धौलाधार होटल से सुक्खू, कौल सिंह, धनी राम शांडिल, सुधीर शर्मा पदयात्रा में शरीक होने जा रहे थे। इसी बीच केवल पठानिया के समर्थक उनके पक्ष में नारेबाजी कर रहे थे, वहीं सुधीर के समर्थकों ने भी नारेबाजी की।
कांग्रेस ने फूंका चुनावी बिगुल
प्रदेशाध्यक्ष सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश में चुनावी बिगुल फूंक दिया है। प्रदेश में विकास कार्यों के दम पर कांग्रेस दोबारा सत्ता में आएगी।