कुंडी- सुनारा मार्ग पर बस सेवा बहाल

मैहला —  प्रदेश के अग्रणी मीडिया ग्रुप ‘दिव्य हिमाचल’ में समाचार छपते ही परिवहन निगम प्रबंधन ने हरकत में आते हुए कुंडी- सुनारा मार्ग पर दो माह से बंद परिवहन निगम की बस सेवा को दोबारा से बहाल कर दिया है। सोमवार से कुंडी- सुनारा मार्ग पर परिवहन निगम की बस ने सरपट दौड़ना आरंभ कर दिया है। जनहित की समस्या को उजागर कर हल करवाने में अहम भूमिका अदा करने को लेकर ग्रामीणों ने ‘दिव्य हिमाचल’ का तहेदिल से आभार प्रकट किया है। उल्लेखनीय है कि कुंडी- सुनारा संपर्क मार्ग पर पिछले दो माह से परिवहन निगम की बस सेवा बंद होने से लोगों खासकर छात्रों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। स्कूल व कालेज के छात्रों को मजबूरन निजी बसों या टैक्सी वाहनों में किराया खर्च कर सफर करने को मजबूर होना पड़ रहा था। सोमवार के अंक में प्रदेश के अग्रणी मीडिया ग्रुप ‘दिव्य हिमाचल’ ने जनहित की इस समस्या को कुंडी- सुनारा मार्ग पर दो माह से बस सेवा नहीं शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर प्रमुखता से उठाया था। सोमवार को ‘दिव्य हिमाचल’ में समाचार प्रकाशित होते ही परिवहन निगम प्रबंधन ने बंद पड़ी बस सेवा को दोबारा से आरंभ कर दिया है। सोमवार को मुख्यालय से सवारियां लेकर परिवहन निगम की बस सुनारा को रवाना भी होगी। कुंडी- सुनारा मार्ग पर परिवहन निगम की बस सेवा बहाल होने से ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों कुलदीप, कर्मो, अशोक, पवन, राकेश व हेमो आदि ने बस सेवा को बहाल करवाने में अहम भूमिका निभाने के लिए प्रदेश के अग्रणी मीडिया ग्रुप दिव्य हिमाचल को थैंक्स कहा है।

जवानों ने कियानी में नष्ट की भांग

चंबा – गृहरक्षा विभाग की कियानी कंपनी कार्यालय परिसर में सोमवार को प्लाटून कमांडर रविंद्र सिंह व गृहरक्षक सुदर्शन कुमार की देखरेख में भांग उखाड़ो अभियान चलाया गया। इस अभियान में कियानी पंचायत की प्रधान चंपा देवी व उपप्रधान सुरजीत सिंह जसरोटिया आदि ने भी हाथ बंटाया। प्लाटून कमांडर ने बताया कि इलाके में भांग उखाड़ो अभियान 31 मई तक जारी रहेगा। इस दौरान सरकारी व निजी भूमि पर उगे भांग के पौधों को उखाड़कर नष्ट किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से भी अभियान में हाथ बंटाने का आह्वान किया है।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !