पोप ने मेलानिया से पूछा, ट्रंप को क्या खिलाती हैं

वेटिकन— अपने पहले विदेशी दौरे पर निकले अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया के साथ वेटिकन पहुंचे। यहां ट्रंप और मेलानिया के ईसाई धर्मगुरु पोप फ्रांसिस से मुलाकात की। खबरों के मुताबिक, मेलानिया से बात करते हुए पोप फ्रांसिस ने उनसे पूछा कि वह ट्रंप को क्या खिलाती हैं। मेलानिया मूल रूप से स्लोविनिया की रहने वाली हैं। रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि पोप ने स्लोविनिया में बेहद पसंद किए जाने वाले एक केक का जिक्र करते हुए मेलानिया से पूछा, आप ट्रंप को क्या खिलाती हैं, पोटिका? पोटिका स्लोविनिया के लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है। वेटिकन की ओर से इस खबर की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन यह जरूर बताया गया कि पोप फ्रांसिस को पोटिका बहुत पसंद हैं। पोप जब भी स्लोविनिया के किसी शख्स से मिलते हैं, तो पोटिका का जिक्र जरूर करते हैं। यह साफ नहीं हो सका है कि मेलानिया को पोप की बात समझ आई या नहीं। खबरों के मुताबिक, पोप के सवाल पर मेलानिया ने उनसे पूछा कि क्या वह पिज्जा की बात कर रहे हैं। असल में पोटिका का पारंपरिक उच्चारण ‘पोतेज्जा’ से बहुत मिलता-जुलता है। यही वजह है कि पहले-पहल मेलानिया ने इसे पिज्जा समझ लिया होगा। बाद में जब मेलानिया को पोप की बात समझ आई, तो वह मुस्कुरा दीं। पोप ने ट्रंप से अपील की कि वह अपने पद का इस्तेमाल कर दुनियाभर में शांति कायम करने की कोशिश करें। पोप और ट्रंप की यह पहली मुलाकात थी। पोप से मुलाकात के बारे में बताते हुए ट्रंप ने कहा कि वह कुछ अलग हैं। हमारी मुलाकात बहुत शानदार रही।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !