मंडी के महेंद्र प्रो-कबड्डी में

बंगलूर बुल्स ने पांचवें सीजन के लिए 20 लाख में खरीदे

मंडी— प्रो-कबड्डी लीग सीजन पांच में पहली बार मंडी जिला का खिलाड़ी भी अपना दमखम दिखाएगा। जिला की बल्हघाटी के मलवाणा गांव के महेंद्र सिंह ठाकुर को बंगलूर बुल्स ने 20 लाख रुपए में खरीदा है। महेंद्र सिंह ठाकुर वर्तमान में सेना में सेवाएं दे रहे हैं। महेंद्र इस समय सेना में आर्मी रेड टीम से खेलते हैं। सेना में खेलते हुए भी महेंद्र अब तक उम्दा प्रदर्शन कर चुके हैं, जिसके बल पर अब उनका चयन प्रो-कबड्डी लीग के लिए हो गया है। उधर, प्रो कबड्ी में मंडी जिला के पहले खिलाड़ी का चयन होने पर महेंद्र सिंह के गांव सहित पूरी बल्हघाटी में खुशी का माहौल है। महेंद्र सिंह की प्रारंभिक पढ़ाई घासणू स्कूल से हुई है। उसके बाद 12 वर्ष की आयु में महेंद्र सिंह का चयन स्टेट स्पोर्ट्स होस्टल बिलासपुर के लिए हो गया था। वहां पर रहते हुए महेंद्र ने दो बार जूनियर नेशनल और तीन बार सीनियर नेशनल प्रतियोगिता में हिमाचल का प्रतिनिधित्व किया। इस बड़ी उपलब्धि के लिए महेंद्र सिंह का कहना है कि इसका सारा श्रेय मां मनसा और कोच जसवीर सिंह सहित परिजनों को जाता है। उन्होंने कहा कि उन्हें कबड्डी खेलने की प्रेरणा अपने नाना स्वर्गीय ओम प्रकाश ठाकुर से मिली। उनके नाना ओम प्रकाश ठाकुर खेल विभाग में बतौर कबड्डी कोच रहे हैं। महेंद्र का कहना है वह बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे और सेना व अपने जिला का नाम रोशन करेंगे।

विवाह प्रस्ताव की तलाश कर रहे हैं? निःशुल्क रजिस्टर करें !