जब्बलपुर से दबोचा भगौड़ा

चंबा —  पुलिस की पीओ सैल टीम ने अदालत द्वारा उद्घोषित अपराधी चेतन बग्गा पुत्र सुभाष चंद्र बग्गा वासी हाउस ने 21 बुल्हारी को मध्यप्रदेश के जब्बलपुर से दबोचने में सफलता हासिल की है। चेतना बग्गा के खिलाफ अदालती आदेशों की अवमानना को लेकर सदर थाना में भादस की धारा 174ए के तहत एक और मामला भी दर्ज किया गया है। दोपहर बाद चेतन बग्गा को पुलिस रिमांड हेतु अदालत में पेश किया गया। जहां अदालत ने चेतन बग्गा को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार चेतन बग्गा पर चंबा में सेंचुरी विजन कंपनी का निदेशक बनकर लोगों के साथ धोखाधड़ी करके पैसे ऐंठने को लेकर चंबा व डलहौजी की अदालत में कुल 17 मामले दर्ज किए गए थे। मगर काफी अरसे तक अदालत में पेशियां भुगतने न पहुंचने के चलते चेतन बग्गा को दो मामलों में उदघोषित अपराधी करार देकर पुलिस को तलाशने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। पीओ सैल के एएसआई गोविंद पाल, मुख्य आरक्षी हमिद मोहम्मद, महिला मुख्य आरक्षी मनीषा व महिला आरक्षी रीना ने चेतन बग्गा को पकड़ने के लिए एक सुनियोजित तरीके से जाल बिछाते हुए गत 29 मई को मध्यप्रदेश के जब्बलपुर में धर दबोचा। पुलिस की टीम चेतन बग्गा को लेकर गुरुवार को चंबा पहुंची है। चेतन बग्गा की गिरफ्तारी को पुलिस की एक अहम सफलता माना जा रहा है। उधर, एएसपी चंबा वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने मध्यप्रदेश के जब्बलपुर से पीओ सैल टीम के द्वारा धोखाधड़ी के मामलों में वांछित उद्घोषित अपराधी को दबोचे जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस रिमांड के दौरान चेतन बग्गा से पूछताछ कर अनसुलझे केसों से पर्दा हटाया जाएगा।